संजय कपूर और महीप कपूर की बेटी शनाया कपूर जल्द ही बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं । बॉलीवुड में स्टार किड्स के लॉन्चिंग पैड माने जाने वाले करण जौहर हिंदी सिनेमा में शनाया कपूर को लॉन्च कर रहे हैं । और हाल ही में शनाया ने अपनी डेब्यू फ़िल्म की शूटिंग शुरू कर दी है । इसकी जानकारी शनाया के पिता संजय कपूर ने अपनी बेटी के साथ कुछ पुरानी तस्वीरों को शेयर करते हुए दी । इसी के साथ संजय कपूर ने शनाया को उनकी नई शुरूआत के लिए शुभकामनाएं भी दी ।

शनाया कपूर ने शुरू की शूटिंग
संजय कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर छह तस्वीरें शेयर की हैं । इन तस्वीरों में उनकी पत्नी, बेटी और बेटा नजर आ रहा है। संजय कपूर ने इसके साथ कैप्शन लिखा, 'नई शुरुआत, आप पर गर्व है, मेहनत करो, फोकस करो, ये तो बस शुरुआत है, आसमान लिमिट है ।' उनकी इस पोस्ट पर अमृता अरोड़ा, फराह खान, वर्धा खान, करण बूलानी, भावना पांडे सहित तमाम सिलेब्स ने कॉमेंट किया है ।
शनाया की डेब्यू फ़िल्म की बात करें तो, करण ने शनाया की डेब्यू फ़िल्म की जिम्मेदारी निर्देशक शशांक खेतान को सौंपी है । इस फ़िल्म में सभी नए चेहरे को देखने को मिलेंगे । जहां शनाया इस फ़िल्म के साथ अपना फ़िल्मी करियर शुरू करेंगी वहीं इस फ़िल्म में गिल्टी स्टार गुरफतेह पीरजादा भी नजर आएंगे । इसके अलावा इसी फ़िल्म के साथ लक्ष्य ललवानी भी अपना बॉलीवुड डेब्यू करेंगे । बता दें कि लक्ष्य ललवानी इससे पहले करण की दोस्ताना 2 से अपना फ़िल्मी सफ़र शुरू करने वाले थे लेकिन फ़िर ये फ़िल्म बीच में ही बंद हो गई ।
शनाया, लक्ष्य और गुरफतेह पीरजादा की यह एक रॉम-कॉम फ़िल्म होगी जो शहरी लव ट्राएंगल लव स्टोरी पर बेस्ड होगी ।
















