बॉलीवुड के किंग कहे जाने वाले शाहरुख खान की लोकप्रियता ना सिर्फ भारत में बल्कि विदेश में भी बहुत है । उनके फिल्में, उनका ह्यूमर और उनके स्टाइल के लाखों-करोड़ों फैन हैं । शाहरुख खान का स्टारडम उन्हें दुनियाभर में सबसे लोकप्रिय अभिनेता में से एक बनाता है । लेकिन शाहरुख खान के लिए इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था इसका खुलासा ख़ुद शाहरुख ने आज, 19 नवंबर को दुबई एक्जीबिशन सेंटर, एक्सपो सिटी के ग्लोबल ट्रांसपोर्ट समिट में हिस्सा लिया जहाँ उन्होंने अपने स्टारडम से लेकर बिजनेस तक के विषयों पर बात की । साथ ही उन्होंने अपनी उन फिल्मों के बारे में भी बात की जो बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रहीं ।

शाहरुख खान का स्टारडम दुनियाभर में
दुबई एक्जीबिशन सेंटर, एक्सपो सिटी के ग्लोबल ट्रांसपोर्ट समिट में शामिल हुए शाहरुख खान ने अपने स्टारडम और करियर में आए फेलियर को लेकर बताया कि, जब उनकी फिल्में नहीं चल रही थीं तो उन्होंने इससे कैसे डील किया । साथ ही किंग खान ने बताया कि उस वक्त वह बाथरूम में जाकर रोते थे ।
शाहरुख खान ने लोगों से विफलताओं पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय आत्म-चिंतन करने का आग्रह किया और कहा, “जब आप असफल होते हैं, तो आपको यह नहीं मानना चाहिए कि आपका प्रोडक्ट या काम ही गलत है । हो सकता है कि आपने उस ईकोसिस्टम को गलत समझा हो जिसमें आप काम कर रहे थे । आपको यह समझना होगा कि लोग कैसे प्रतिक्रिया दे रहे हैं । यदि मैं जिन लोगों के लिए काम कर रहा हूं वह उसे पसंद ही नहीं कर रहे तो तो मेरा काम चाहे कितना भी अच्छा हो उसका कोई फायदा नहीं ।”
यह पूछे जाने पर कि क्या वह कभी-कभी अपने काम की आलोचना करते हैं, शाहरुख खान ने जवाब दिया, “हां, मैं करता हूं । मैं ऐसा महसूस नहीं करना चाहता था, लेकिन मैं अक्सर बाथरूम में रोता था । मैंने इसे किसी को नहीं दिखाया । आपको यह विश्वास करना होगा कि दुनिया आपके खिलाफ नहीं है । यदि आपकी फिल्म वैसी नहीं बनती जैसा आपने सोचा था, तो इसमें न तो आपकी गलती है और न ही कहानी की। आपको अपनी गलती स्वीकार करनी होगी और आगे बढ़ना होगा ।”
इसके अलावा शाहरुख ने यह भी बताया कि, एक्टर बनने से पहले उनकी क्या करियर प्लानिंग थी । शाहरुख ने कहा, “मैंने साइंटिस्ट बनने के लिए पढ़ाई की । मैं अर्थशास्त्री बन गया और फिर मास कम्युनिकेशन सीखा ।” अपने फिल्मी करियर की शुरुआत के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, “टेलीविजन भारत में तब आया ही था और वे मुझे 1,500 रुपये मिल रहे थो, जो कि उस समय काफी बड़ी रकम थी ।”
इस दौरान शाहरुख खान ने उस पल का खुलासा किया, जब उनके करियर में एक अहम पड़ाव आया। शाहरुख खान ने कहा, “एक दिन, मैं अपने स्कूटर से घर जा रहा था और दो महिलाओं के पास रुका । उन्होंने मुझे देखा और चिल्लाने लगीं । उनकी खुशी देखकर, मैंने खुद से कहा, 'मुझे यही करना है । मुझे लोगों को खुश करना है । इसलिए, मैं एक अभिनेता बन गया ।”
शाहरुख खान ने अपनी सुपरस्टार वाली इमेज को लेकर भी बात की । उन्होंने कहा कि इस छवि को बनाने के लिए उन्हें कड़ी मेहनत करनी पड़ती है । उन्होंने कहा, “मैं इस बात को लेकर बहुत स्पष्ट हूं कि मैं अपनी छवि के लिए कड़ी मेहनत करता हूं । मैं शाहरुख खान की छवि के लिए काम करता हूं ।”
वर्कफ्रंट की बात करें तो, साल 2023 में ब्लॉकबस्टर फ़िल्म पठान से कमबैक करने वाले शाहरुख ने साल 2023 में एक साथ तीन बड़ी फ़िल्में दी – पठान, जवान और डंकी । और अब शाहरुख अपनी अगली फ़िल्म सुजॉय घोष के साथ कर रहे हैं जिसमें उनके साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आने वाली हैं ।
















