
बीते साल, एयरलिफ़्ट के बाद निर्देशक राजा मेनन ने हॉलीवुड फ़िल्ममेकर जॉन फेवरोऊ की सुपरहिट हॉलीवुड फ़िल्म शेफ़ के हिंदी रीमेक की घोषणा की । इसके हिंदी रीमेक में मुख्य अभिनेता के तौर पर सैफ़ अली खान को कास्ट किया गया । आपको बता दें कि फ़िल्म के कुछ शेड्यूल की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब इसका न्यूयॉर्क में शूटिंग शेड्यूल तय था लेकिन किन्हीं कारणों वश इसके न्यूयॉर्क शेड्यूल की शूटिंग टाल दी गई है ।
एक शेफ़ की जिंदगी को पर्दे पर दर्शाती इस फ़िल्म की शूटिंग के लिए सैफ़ अली खान और बाकी की टीम न्यूयॉर्क जाने वाली थी लेकिन वहां के क्लाइमेट की वजह से शूटिंग शेड्यूल टाल दिया गया । जाहिरतौर पर न्यूयॉर्क का मौसम इन दिनों बहुत ठंडा है जिसकी वजह से ये फ़ैसला लिया गया । हमने सुना है कि सैफ़ अली खान और उनके ऑन स्क्रीन बेटे स्वर कांबले मुंबई के स्टूडियो में शूटिंग करेंगे ।
फ़िल्म के बदले हुए शेड्यूल के बारें में बात करते हुए फ़िल्ममेकर राजा मेनन ने खुलासा किया कि हमने शेड्यूल में फ़ेरबदल इसलिए किया क्योंकि हमें बताया गया कि ठंड की वजह से न्यू्यॉर्क में सिर्फ़ 6 घंटे ही उजाला रहता है । इसलिए इतने कम समय के उजाले में शूटिंग संभव नहीं है । हमने सुना है कि फ़िल्म का क्लाइमेक्स सीन और मान्टाश़ सीन न्यूयॉर्क में ही फ़िल्माया जाएगा ।
भारत में ‘शेफ’ के हिंदी रीमेक का निर्माण अबुनदंतिया एंटरटेनमेंट, इरोज इंटरनेशनल और अलमब्रा एंटरटेनमेंट करेंगे । फ़िल्म शेफ़ की कहानी एक ऐसे शेफ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय रेस्तरां में अपनी नौकरी छोड़ देता है जिस कारण उसका परिवार उससे नाराज हो जाता है । वह बाद में कोच्चि में अपने परिवार के साथ ही रहता है और यहां वह नए सिरे से एक स्ट्रीट फूड-ट्रक शुरू करता है और परिवार के करीब आने की कोशिश करता है । इसी दौरान उसे कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है ।
















