आरजू, तू चोर मैं सिपाही और कीमत जैसी तमाम फिल्में करने वाले अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर साथ आ रहे हैं । अक्षय कुमार और सैफ अली खान 18 साल बाद प्रियदर्शन की फिल्म हैवान में साथ नजर आने वाले हैं जिसकी शूटिंग भी दोनों ने शुरू कर दी है ।

अक्षय कुमार और सैफ अली खान
फिल्म के सेट से एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें डायरेक्टर प्रियदर्शन के साथ अक्षय कुमार और सैफ अली कैजुअल लुक में नजर आ रहे हैं । अक्षय के टी-शर्ट पर इंग्लिश में सैंट (साधु) लिखा हुआ है। वहीं सैफ पठानी लुक में दिख रहे हैं । शूट के पहले दिन का वीडियो अक्षय ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है जिसमें अक्षय ने हाथ में हैवान का क्लिपबोर्ड पकड़ा हुआ है और प्रियदर्शन भी बगल में खड़े हुए हैं । अक्षय के टी-शर्ट में लिखे संत को देख सैफ कहते हैं कि वह डेविल हैं क्योंकि अंदर से संत वह हैं । अक्षय ने खुद की ओर इशारा करते हुए कहा कि इस डेविल को आप जानते हैं लेकिन इस डेविल (सैफ की ओर इशारा करते हुए) को नहीं जानते हैं ।
वीडियो को शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने कैप्शन में लिखा, “हम सब ही हैं थोड़े से शैतान। कोई ऊपर से संत, कोई अंदर से हैवान । मेरे हमेशा से फेवरेट शिप के कैप्टन प्रियदर्शन सर के साथ हैवान की शूटिंग आज शुरू कर दी है। 18 साल बाद सैफ के साथ काम करके खुशी हो रही है। चलो हैवानियत को आगे बढ़ाएं ।” बता दें कि अक्षय और सैफ ने पिछली बार फ़िल्म टशन में साथ काम किया था ।
गौरतलब है कि प्रियदर्शन और अक्षय कुमार हॉरर ड्रामा भूत बंग्ला भी बना रहे हैं । 2025 के अंत में रिलीज होने की संभावना है ।
















