दो शानदार फिल्मों (शिकारा और रक्षा बंधन) के साथ अपनी चमक बिखेरने के बाद, सादिया खतीब एक और दमदार कहानी द डिप्लोमैट के जरिए दर्शकों को फिर से मोहित करने के लिए तैयार हैं। सच्ची घटनाओं पर आधारित यह फिल्म उज़्मा अहमद की कहानी बयां करती है, जो एक भारतीय महिला (सादिया खतीब द्वारा निभाई गई) है, जिसे शादी के नाम पर धोखा देकर पाकिस्तान ले जाया जाता है और वहां फंसा दिया जाता है।

बाइक्स पर जॉन अब्राहम की नॉलेज देख इंप्रेस हुई उनकी द डिप्लोमैट को-स्टार सादिया खतीब ; स्पोर्ट्स बाइक खरीदने में की हेल्प

जॉन अब्राहम का बाइक प्रेम

जॉन अब्राहम इसमें भारतीय राजनयिक जे.पी. सिंह की भूमिका निभा रहे हैं, जो उज़्मा को बचाने में अहम भूमिका अदा करते हैं। जहां फिल्म के ट्रेलर और गानों को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है और रिलीज़ को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है, वहीं सादिया खतीब ने साझा किया कि कैसे उन्होंने और जॉन ने बाइक्स के प्रति अपने समान जुनून के चलते एक खास बॉन्ड बनाया और कैसे जॉन ने उन्हें बहुमूल्य सलाह दी।

सादिया ने खुलासा किया, “जिस दिन मेरी उनसे मुलाकात हुई, मैंने उन्हें अपनी बाइक के प्रति दीवानगी के बारे में बताया कि यह सब तब शुरू हुआ जब मैं पहली कक्षा में थी और धूम फिल्म देखी थी । मैं पूरी तरह मोहित हो गई थी और स्कूल के दिनों में बाइक्स को लेकर जुनूनी थी । जब मैं जॉन सर के घर गई, तो उन्होंने मुझे अपना गैराज दिखाया—वहां एक से बढ़कर एक शानदार बाइक्स थीं । मैं बार-बार उनसे पूछ रही थी कि क्या वह मुझे कोई बाइक चलाने देंगे, लेकिन उन्होंने मना कर दिया । मैंने सेट पर मज़ाक में भी कहा, ‘अगर हमारी फिल्म अच्छा प्रदर्शन करती है, तो कृपया मुझे एक बाइक गिफ्ट कर दीजिए।’ इस पर उन्होंने हंसते हुए हामी भर दी।  अब मैं वाकई उम्मीद कर रही हूं कि फिल्म सुपरहिट हो और वह इस बातचीत को याद रखें !”

उन्होंने आगे कहा, “हाल ही में, जब मेरा भाई और मैं एक स्पोर्ट्स बाइक खरीदने की सोच रहे थे, तो मैंने जॉन सर से दो विकल्पों पर उनकी राय मांगी । उन्होंने हमें सही विकल्प चुनने में मदद की, और अब जब हमने आखिरकार बाइक ले ली है, तो मैं बेसब्री से इसे चलाने का इंतजार कर रही हूं, शायद फिल्म के प्रमोशन खत्म होने के बाद ।”

सादिया खतीब की द डिप्लोमैट 7 मार्च 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है।