सुशांत सिंह राजपूत के निधन से जहां उनका परिवार, दोस्त और फ़ैंस काफ़ी दुखी हैं, वहीं उनकी कथित गर्लफ़्रेंड भी अभिनेता के निधन से बेहद दुखी हैं । सुशांत के निधन को एक महीना पूरा होने पर रिया चक्रवर्ती ने सुशांत को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर उनके लिए अपनी फ़ीलिंग्स शेयर की थी । वहीं दूसरी ओर रिया चक्रवर्ती को सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की धमकियां और गालियां मिल रही हैं । रिया ने एक ऐसे ही मेसेज का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है । साथ ही रिया ने साइबर क्राइम से आवश्यक कार्यवाही की मांग भी की है ।

रिया चक्रवर्ती लगातार ट्रोल हो रही हैं
सुशांत के सुसाइड के बाद लोग सोशल मीडिया पर रिया को लगातार ट्रोल कर रहे हैं । जिसके चलते उन्हें उनके सोशल अकाउंट पर रेप और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं । एक ट्रोल में लिखा है कि, यदि रिया ने सुसाइड नहीं किया तो उनका रेप होगा । इसी के साथ उन्हें जान मरवाने की धमकी भी दी गई है।
ट्रोल का स्क्रीनशॉट शेयर किया
रिया ने इस धमकी भरे ट्रोल का स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए लिखा है, “मुझे गोल्ड डिगर (पैसे के लिए किसी को फंसाने वाली) कहा गया.. मैं चुप रही । मुझे खूनी कहा गया.. मैं चुप रही, मेरे चरित्र पर कीचड़ उछाला गया.. मैं चुप रही । लेकिन मेरी चुप्पी ने तुम्हें ये अधिकार कैसे दे दिया कि अगर मैंने अपनी जान न दी तो तुम मेरा रेप और मर्डर करवा दोगे ? जो तुमने कहा है, उसकी गंभीरता का भी अहसास है ? ये क्राइम हैं, और कानूनी तौर पर किसी को ऐसे प्रताड़ित नहीं किया जाना चाहिए ।”
रिया ने इस पोस्ट के साथ साइबर क्राइम हेल्पलाइन को टैग करके, ऐक्शन लेने के लिए भी लिखा है । साकिब सलीम, कृति खरबंदा और कुबरा सेठ जैसे सितारें रिया को सपोर्ट करते हुए नजर आए ।
खबरों की मानें तो रिया सुशांत की काफ़ी करीब थी, और सुशांत सुसाइड मामले में जांच कर रही मुंबई पुलिस ने रिया से तकरीबन 10 घंटे तक पूछताछ की थी ।
















