बॉलीवुड अभिनेता और पर्यावरण प्रेमी रणदीप हुड्डा को “ऑल लिविंग थिंग्स एनवायरनमेंटल फिल्म फेस्टिवल” (ALTEFF) 2025 का गुडविल एम्बेसडर नियुक्त किया गया है। यह भारत का सबसे बड़ा फिल्म फेस्टिवल है, जो प्रकृति, स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी कहानियों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है।

रणदीप हुड्डा का पर्यावरण प्रेम
प्रकृति से गहरा लगाव रखने वाले और वन्यजीव संरक्षण को लेकर अपनी स्पष्ट राय रखने वाले रणदीप हुड्डा ने हमेशा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए अपनी आवाज और मंच का उपयोग किया है। वे वृक्षारोपण अभियानों से लेकर पशु बचाव कार्यों तक में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं और सतत जीवनशैली अपनाने तथा प्रकृति की रक्षा के लिए लोगों को प्रेरित करते हैं।
वर्षों से, ALTEFF को कई पर्यावरण-संवेदनशील हस्तियों का समर्थन मिलता आया है, जिनमें आलिया भट्ट और दिया मिर्ज़ा जैसी अभिनेत्रियाँ शामिल हैं। इन दोनों ने इस फेस्टिवल के माध्यम से स्थिरता और पारिस्थितिक जागरूकता के संदेश को और अधिक लोगों तक पहुँचाने में योगदान दिया है।
फेस्टिवल डायरेक्टर कुणाल खन्ना ने रणदीप हुड्डा के जुड़ने पर कहा, “रणदीप हुड्डा वह सब कुछ दर्शाते हैं जो ALTEFF का सार है प्रकृति के प्रति सहानुभूति, हर जीव के प्रति सम्मान और संरक्षण के लिए सक्रिय प्रतिबद्धता। वे न केवल एक बेहतरीन अभिनेता हैं, बल्कि एक ऐसे इंसान हैं जो अपने कर्मों से भी अपने विचारों को साबित करते हैं। उनके हमारे गुडविल एम्बेसडर बनने से हमें गर्व है और हम मिलकर पर्यावरण संरक्षण और सभी जीवों के प्रति करुणा का संदेश और व्यापक रूप से फैलाने के लिए उत्साहित हैं।”
अपने इस नए दायित्व को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए रणदीप हुड्डा ने कहा, “प्रकृति हमेशा से मेरी सबसे बड़ी गुरु रही है। चाहे मैं जंगलों में समय बिता रहा हूँ या पशु एवं पर्यावरण कल्याण के कार्यों में सहयोग दे रहा हूँ, मुझे हमेशा यह जिम्मेदारी महसूस होती है कि हम उस धरती को कुछ लौटाएं जो हमें इतना कुछ देती है। ‘ऑल लिविंग थिंग्स एनवायरनमेंटल फिल्म फेस्टिवल’ एक सशक्त मंच है, जो उन कहानियों को सामने लाता है जो मायने रखती हैं जो हमें याद दिलाती हैं कि हम इस पृथ्वी को असंख्य अन्य प्रजातियों के साथ साझा करते हैं। इस आंदोलन का हिस्सा बनकर मुझे गर्व महसूस हो रहा है और मैं चाहता हूँ कि अधिक से अधिक लोग धरती के लिए कदम उठाने के लिए प्रेरित हों।”
यह फेस्टिवल हर साल विचारोत्तेजक फिल्मों और जलवायु एवं संरक्षण पर वैश्विक चर्चाओं के साथ मनाया जाता है। रणदीप हुड्डा के जुड़ने से ALTEFF का मिशन, जागरूकता, करुणा और सभी जीवों के लिए संरक्षण की भावना को और मज़बूती मिलेगी।
















