अपने गंभीर और दमदार अभिनय के लिए जाने जाने वाले अभिनेता रणदीप हुड्डा अब कॉमेडी की दुनिया में कदम रखने को लेकर उत्साहित हैं। हाईवे, सरबजीत, स्वतंत्र वीर सावरकर और हाल ही में जाट जैसी फिल्मों में अपने भावनात्मक और शक्तिशाली किरदारों से दर्शकों का दिल जीत चुके रणदीप मानते हैं कि कॉमेडी एक ऐसा जॉनर है जिसे उन्होंने अभी तक पूरी तरह से एक्सप्लोर नहीं किया है।

रणदीप हुड्डा करना चाहते हैं कॉमेडी
अपने करियर के बारे में बात करते हुए रणदीप ने कहा, “मैं हमेशा ऐसे किरदारों की तरफ खिंचता रहा हूं जो जटिल और परतदार होते हैं, जिनमें इमोशन और गहराई हो। लेकिन अब लगता है कि मेरा एक हिस्सा ऐसा भी है जो कुछ हल्का-फुल्का और मज़ेदार करना चाहता है। मैंने कुछ मौकों पर कॉमेडी करने की कोशिश की, लेकिन लगता है उन कहानियों को सही दर्शक नहीं मिले। लेकिन हां, एक अच्छी कॉमेडी करना अब मेरी विशलिस्ट में ज़रूर है।”
रणदीप का यह ईमानदार बयान उनके उस नए पहलू को दर्शाता है जिसे दर्शकों ने शायद अभी तक नहीं देखा है। गंभीर और इंटेंस रोल्स में पहचान बनाने वाले इस अभिनेता को अब लगता है कि समय है दर्शकों को उनका मज़ाकिया और चुलबुला रूप दिखाने का। जैसे-जैसे दर्शकों की पसंद बदल रही है, रणदीप भी अब ऐसे प्रोजेक्ट्स की तलाश में हैं जो उन्हें अलग अंदाज़ में पेश करें।
















