मुंबई की तेज रफ़्तार को बारिश ने धीमा कर दिया । पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मुंबई की सड़कों पर जलभराव की समस्या हो गई है । आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है । भारी बारिश के चलते कई फ्लाइट्स कैंसल हो गई हैं तो कई को डायवर्ट किया गया है । बारिश की वजह से ना केवल आम जनता बल्कि बॉलीवुड सेलेब्स को भी अपने प्लान्स बदलने पड़ रहे हैं । बारिश के कारण एक्शन हीरो अक्षय कुमार को भी मुश्किल का सामना करना पड़ा वहीं रकुल प्रीत सिंह भी एयरपोर्ट पर फ़ंसी रही ।

मुंबई की बारिश ने बॉलीवुड सितारों को भी किया परेशान, अक्षय कुमार का प्लान हुआ फ़ेल वहीं रकुल प्रीत सिंह फ़ंसी एयरपोर्ट पर

मुंबई बारिश से बॉलीवुड सितारें भी हुए परेशान

पिछली रात अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना और बेटी नितारा संग वेकेशन के लिए लंदन रवाना होने के लिए एयरपोर्ट के लिए निकले । लेकिन बारिश की वजह से उनकी फ़्लाइट कैंसिल हो गई और उन्हें घर लौटना पड़ा । इस बात की जानकारी खुद ट्विंकल खन्ना ने ट्विटर पर दी । ट्विंकल ने लिखा,- बीती रात कप्तान के लिए एक विमान को चलाने की बजाय बेहतर था कि वो जहाज की कमान संभाल लें । प्लेन स्किडिंग और रनवे पर बाढ़ सी आ गई है और हम सभी घर वापस आ गए. #DisableAirplaneMode.

इतना ही नहीं रकुल प्रीत ने भी बारिश के कारण हुई समस्या का जिक्र अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर किया । रकुल प्रीत ने सोशल मीडिया पर बताया कि वो एयरपोर्ट पर फंसी हुई है । उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "कल रात से कोई भी फ्लाइट नहीं है । मैं एयरपोर्ट पर फंसी हुई हूं ।"

दरअसल, सोनम कपूर ने सोशल मीडिया पर लिख कर पूछा था, "क्या कोई मुझे बता सकता है कि एयरपोर्ट खुला है क्या? इस पर रकुल प्रीत ने उन्हें बताया कि कोई फ्लाइट नहीं है और वो खुद एयरपोर्ट फंसी हुई हैं."