नाग अश्विन की प्रभास, अमिताभ बच्चन और दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म कल्कि 2898 AD बॉक्स ऑफ़िस पर शानदार परफ़ॉर्म कर रही है । दर्शकों को भी ये फ़िल्म बहुत पसंद आ रही है और इसलिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग थिएटर में फ़िल्म देखने जा रहे हैं । दिलचस्प बात ये है कि, प्रभास की कल्कि 2898 AD का हिंदी वर्जन सभी भाषाओं में सबसे ज्यादा कलेक्शन करने में कामयाब हो रहा है । लेकिन इसी बीच अभिनेता मुकेश खन्ना, जिन्होंने बी आर चोपड़ा द्वारा निर्मित माइथोलॉजिकल टीवी सीरियल महाभारत में भीष्म पितामह का किरदार निभाया था, ने कल्कि की कहानी पर आपत्ति जताई है । मुकेश खन्ना ने कल्कि 2898 AD में से खासकर अश्वत्थामा के रोल पर सवाल उठाए हैं ।

भीष्म पितामह फ़ेम मुकेश खन्ना ने प्रभास की कल्कि 2898 AD के महाभारत कनेक्शन पर उठाए सवाल ; “कल्कि में महाभारत के तथ्यों को अपनी सहूलियत के लिए तोड़-मरोड़ कर पेश किया”

मुकेश खन्ना ने कल्कि 2898 AD की कहानी पर जताई आपत्ति

मुकेश खन्ना ने हाल ही में अपने इंस्टा पर कल्कि 2898 AD को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है और लिखा, “क्या कल्कि जैसी अच्छी और भव्य तरीक़े से बनी फ़िल्म में महाभारत के तथ्यों को अपनी सहूलियत के लिए तोड़ मरोड़ कर पेश करना जायज़ है । अश्वत्थामा के माथे की मणि अर्जुन और भीम ने निकाल कर द्रौपदी को आकर दी थी । जिसके पाँच पुत्रों को अश्वथामा ने रात के अंधेरे में ख़ेमे में घुस कर मार डाला था । तो वो अश्वथामा के पास कैसे आ गई । ऐसे और भी कई ग़लत तथ्य हैं फ़िल्म में । ये फ़िल्म मेकर क्यों ऐसा दुस्साहस करते हैं।

कोई उन्हें रोकता क्यों नहीं। क्या इसके लिए सिर्फ़ हिंदू ग्रंथ बचे हैं उनके पास !” इस पोस्ट के साथ उन्होंने फ़िल्म कल्कि का एक पोस्टर शेयर किया है जिसमें प्रभास, अमिताभ बच्चन और दीपिका पादुकोण नजर आ रहे हैं । और इस पर उन्होंने लिखा है- “इस फिल्म का नाम कल्कि नहीं बल्कि कल कि होना चाहिए था।”

इसके अलावा मुकेश खन्ना ने अपने भीष्म इंटरनेशनल ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो भी शेयर किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि, “अर्जुन और अश्वत्थामा के बीच बहुत बड़ा युद्ध हुआ था । वो ‘ब्रह्मास्त्र’ चला रहे थे, लेकिन केवल अर्जुन ही जानते थे कि हमले को कैसे पलटना है । क्योंकि अश्वत्थामा ऐसा नहीं कर सकते थे, इसलिए उन्होंने अभिमन्यु की पत्नी पर ब्रह्मास्त्र चलाने का फैसला किया । कृष्ण ने नौ महीने तक उनकी रक्षा की क्योंकि वो गर्भवती थीं । मैं इस कहानी को इतने विस्तार से इसलिए बता रहा हूं क्योंकि मुझे समझ नहीं आता कि कृष्ण भविष्य में कल्कि में अश्वत्थामा को उनकी रक्षा करने का आदेश कैसे दे सकते हैं ? कृष्ण जैसा शक्तिशाली व्यक्ति अश्वत्थामा जैसे व्यक्ति से खुद की रक्षा करने के लिए कैसे कह सकता है? मुकेश खन्ना ने कहा कि इन बदलावों से हर हिंदू को नाराज होना चाहिए, ठीक वैसे ही जैसे प्रभास की पिछली फिल्म आदिपुरुष को देखने के बाद हुआ था ।”