साल 2009 में आई इम्तियाज अली की फ़िल्म लव आज कल एक बार फ़िर फ़िल्मी पर्दे पर एक नए फ़्लेवर में दिखाई देगी । इस फ़िल्म में सारा अली खान और कार्तिक आर्यन लीड रोल में नजर आएंगे । इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी सारा अली खान और कार्तिक आर्यन की रोमांस ड्रामा लव आज कल का ट्रेलर कल रिलीज होगा । लेकिन उससे पहले मेकर्स ने आज फ़िल्म के नाम [लव आज कल], जिस पर अब तक कयास लगाए जा रहे थे, और फ़र्स्ट लुक से पर्दा हटा दिया गया है ।

लव आज कल के पोस्टर में दिखा सारा अली खान और कार्तिक आर्यन का रोमांस
इम्तियाज अली की इस फिल्म का नाम फाइनली लव आज कल ही रखा गया है, जिसका पहला पोस्टर बेहद दिलकश नजर आ रहा है । हालांकि, इस नाम के पहले #2020 और इसके बाद 1990 का इस्तेमाल किया गया है ।
शेयर किए गए फ़िल्म के फ़र्स्ट पोस्टर में कार्तिक जहां सोए हुए नजर आ रहे हैं, वहीं सारा लेटे हुए कुछ सोच रही हैं । पोस्टर शेयर करते हुए कार्तिक ने लिखा, "वहाँ हैं नहीं जहां लेटे हैं, कहीं उड़ रहे हैं Veer और Zo" । इसी के साथ कार्तिक ने अपने और सारा के किरदार के नामों का भी खुलासा किया । फिल्म में कार्तिक का नाम 'वीर' है और सारा का नाम 'जो' ।
बता दें कि इससे पहले लव आज कल में सैफ अली खान और दीपिका पादुकोण लीड रोल में थे । सारा और कार्तिक के अलावा फिल्म में रणदीप हुड्डा और आरुषि शर्मा भी अहम रोल में नजर आएंगे । जियो स्टीडियोज, दिनेश विजान की मैडॉक फ़िल्म्स, इम्तियाज अली और रिलायंस एंटरटेनमेंट की विंडो सीट फ़िल्म्स मिलकर इस फ़िल्म को प्रस्तुत कर रहे है । यह फ़िल्म 14 फ़रवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















