एक साल में 3 से 4 फ़िल्में देने के लिए जाने जाने वाले अभिनेता अक्षय कुमार इस साल की अपनी तीसरी फ़िल्म (बड़े मियां छोटे मियां, सरफिरा) खेल खेल में रिलीज़ के लिए तैयार है । इस फ़िल्म में अक्षय कुमार के साथ तापसी पन्नू, फरदीन खान, एमी विर्क, आदित्य सील, प्रज्ञा जैसवाल भी अहम भूमिका में नज़र आने वाले हैं । मुदस्सर अज़ीज़ के निर्देशन में बनी खेल खेल में का आज ट्रेलर रिलीज हुआ इस दौरान अक्षय कुमार अपनी पूरी स्टारकास्ट के साथ इस इवेंट में शामिल हुए । खेल खेल में के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अक्षय कुमार ने अपनी लगातार फ्लॉप हो रही फ़िल्मों पर चुप्पी तोड़ी और खुलकर कहा- ‘जो होता है अच्छे के लिए होता है, मैं ज्यादा सोच-विचार नहीं करता ।

Khel Khel Mein trailer launch: अक्षय कुमार ने लगातार फ्लॉप हो रही अपनी फ़िल्मों पर चुप्पी तोड़ी ; खुलकर कहा- “मेरी फिल्में नहीं चलीं तो मुझे शोक-संदेश टाइप के मैसेज आते हैं ; चाहे लोग कुछ भी कहें मैं काम करना जारी रखूँगा ; मैं ज्यादा सोच-विचार नहीं करता”

अक्षय कुमार फ्लॉप फ़िल्मों के बारें में नहीं सोचते  

खेल खेल में के ट्रेलर लॉन्च के दौरान एक पत्रकार ने अक्षय से सवाल किया कि आपकी फ़िल्में क्यों नहीं चल रही है, क्या दर्शकों की पसंद चेंज हो गई है ? हालाँकि, आप बहुत दिलचस्प फिल्में कर रहे हैं । इस पर अक्षय ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में वाक्य पूरा करते हुए कहा, ‘हां लेकिन चल नहीं रही ।जैसी कि उम्मीद थी, इस पर सभी हंस पड़े और सभी ने इस बात के लिए उनका सम्मान भी किया कि उन्होंने अपनी फ्लॉप फ़िल्मों के बारें में खुलकर बात की ।

अक्षय कुमार ने आगे कहा, “मैं एक छोटी सी कहानी सुनाता हूँ, जो मुझे मेरे पिताजी ने सुनाई थी । एक बार की बात है, एक किसान को एहसास हुआ कि उसकी गाय गायब हो गई है । गांव वाले उसके पास आए और उसे उसके नुकसान के लिए सांत्वना दी । लेकिन वह (बेपरवाह था) और कहा, 'नहीं, ठीक है'। अगले दिन गाय वापस लौटी, वह भी 3-4 और गायों के साथ। गांव वाले फिर से उससे मिले, इस बार उसे बधाई देने के लिए। किसान ने फिर से जवाब दिया, 'ठीक है'। कुछ दिनों बाद, उसका बेटा गाय से गिर गया और उसके पैर में चोट लग गई। इस बार, गांव वाले ने उससे कहा कि उन्हें उसके बेटे की चोट पर बुरा लगा । किसान ने अपने अंदाज में कहा, 'ठीक है'। अगले दिन, राजा ने सभी युवा लड़कों को युद्ध में लड़ने का आदेश दिया । लेकिन उसका बेटा बच गया क्योंकि उसे चोट लगी थी । अब ग्रामीणों ने कहा कि वह बहुत भाग्यशाली था। और फिर से, किसान बस यही कहता है, 'ठीक है'!”

इस कहानी के ज़रिए अक्षय ये कहना चाहते थे कि जो होता है अच्छे के लिए होता है । अक्षय ने आगे कहा, “मेरा मानना है- जो होता है, अच्छे के लिए होता है । मैं इतना सोच-विचार नहीं करता । मेरी 4 या 5 फिल्में नहीं चलीं तो मुझे 'सॉरी, यार', 'तू फिकर मत कर', 'सब ठीक हो जाएगा' जैसे मैसेज मिलते हैं । अबे मरा नहीं हूं मैं ! मेरी फ़िल्में फ्लॉप होने पर मुझे श्रद्धांजलि टाइप या शोक-संदेश टाइप के मैसेज आते हैं !”

अक्षय ने अंत में कहा, “किसी पत्रकार ने एक लेख में लिखा है, ‘चिंता मत करो, तुम वापस आओगे।मैंने उसे फोन किया और पूछा, ‘भाई, तू ये क्यों लिख रहा है कि मैं वापस आऊंगा? मैं कहाँ गया हूँ?’ मैं यहाँ हूँ और काम करना जारी रखूँगा, चाहे लोग कुछ भी कहें । मैं सुबह उठूँगा, व्यायाम करूँगा, काम पर जाऊँगा और शाम को घर लौटूँगा । मैं जो भी कमाता हूँ, अपने दम पर कमाता हूँ । मैंने कभी किसी से कुछ नहीं माँगा । मैं तब तक काम करता रहूँगा जब तक मुझसे होगा ।”  

टी-सीरीज़ फिल्मवाकाऊ फिल्म्स और केकेएम फिल्म प्रोडक्शन की खेल खेल में का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया हैं और भूषण कुमारकृष्ण कुमारविपुल डी शाहअश्विन वर्देराजेश बहलशशिकांत सिन्हा और अजय राय ने प्रोड्यूस किया है । यह फिल्म 15 अगस्त 2024 को देश भर में रिलीज होगी।