हिंदी सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर करण जौहर ने भले ही कई कल्ट क्लासिक फिल्में दी हों लेकिन वो हमेशा सवालों के घेरे में रहते हैं और उन्हें अक्सर नेपोटिज्म को बढ़ावा दिए जाने के नाम पर ट्रोल किया जाता है । करण जौहर पर आरोप लगाया जाता है कि वो हमेशा अपनी फ़िल्मों में स्टार किड्स को ही मौका देते हैं । ऐसे में अब फाइनली करण जौहर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों का जवाब देते हुए क्लियर किया है कि, वो अपनी फ़िल्मों में 90 प्रतिशत आउटसाइडर्स को मौक़ा देते हैं ।

करण जौहर ने नेपोटिज्म के आरोपों पर दिया करारा जवाब
करण जौहर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक इमोशनल नोट लिखा है जिसमें उन्होंने अपनी नई फ़िल्म का जिक्र किया है साथ ही अपने फिल्म मेकिंग के सफर पर खुलकर बात की है । करण ने अपनी पोस्ट में लिखा है- “जब मैंने 2003 में धर्मा में एक एक्टिव रूप से फिल्म मेकिंग शुरू की थी (जब मैंने कल हो ना हो के साथ शुरुआत की थी) - मेरा विचार फिल्म मेकर्स और कहानी लिखने वालों को सशक्त करते हुए उन्हें आगे बढ़ाने वाला था । हमें कुछ सही लगा, हमने कुछ-कुछ इसे गलत भी समझा, लेकिन इरादा हमेशा उन कहानियों और फिल्मों को सामने लाने का था जिनमें हम विश्वास करते थे । मकसद केवल मनोरंजन करना या फिल्मों में मस्ती करना था । मुझे ये कहते हुए गर्व हो रहा है कि हमारी अगली पेशकश हिंदी सिनेमा में हमारे 24वीं डेब्यूटेंट फिल्म मेकर हैं ।”
इसी के साथ करण ने एक अमेजिंग फैक्ट भी भी बताया और लिखा, “ट्रोल्स के ट्रिविया के लिए: 90% लोग बाहरी हैं । मैं किसी फिल्म की रिलीज या अनाउंसमेंट से पहले शायद ही कभी नोट्स लिखता हूं लेकिन कुछ फिल्में मुझे उत्साहित करती हैं, ऊर्जा देती हैं और इस फिल्म के प्रोसेस ने मुझे प्रेरित किया है । हमारे को-प्रोड्यूसर और डेब्यूटेंट डायरेक्टर इस फिल्मी सफर में 4 साल से हैं । डायरेक्टर ने कुछ भी आसान नहीं लिया लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत से फिल्म को बनाया, महामारी की देरी और बाकि अनचाही घटनाओं के बावजूद । मैं टीम के एक्टर्स और तकनीशियनों से बहुत प्रभावित हूं, जिन्होंने फिल्म को समर्थन दिया और प्यार दिया । कोई भी ये अनुमान नहीं लगा सकता कि ये फिल्म व्यावसायिक रूप से सफल होगी या नहीं, लेकिन मैं पूरे दिल से कह सकता हूं कि ये धर्मा की सबसे गर्व करने वाली फिल्मों में से एक है । मैं ये एक फिल्म मेकर और एक दर्शक के रूप में कह रहा हूं । मैं टीम के लिए प्रार्थना करता हूं कि दर्शक उनके जुनून की रंगों में रंग जाएं । फिल्मों में मिलते हैं- करण जौहर ।”
हालांकि यहां करण ने अपनी नई फ़िल्म का कोई अनाउंसमेंट तो नहीं किया लेकिन हिंट जरूर दिया है ।
















