फिल्ममेकर करण जौहर ने हाल ही में द स्ट्रीमिंग शो को दिए एक इंटरव्यू में यशराज फिल्म्स की मोहित सूरी निर्देशित सैयारा की सक्सेस के बारें में खुलकर बात की । साथ ही खुलकर कहा कि, साउथ बॉलीवुड से ज्यादा स्ट्रॉन्ग है । अहान पांडे (चंकी पांडे के भतीजे और अनन्या पांडे के कज़िन) और अनीत पड्डा की पहली बॉलीवुड फ़िल्म सैयारा ने इंडस्ट्री की उम्मीदों के विपरीत बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया और बॉलीवुड के पुराने सभी सेट रूल्स को तोड़ते हुए नया सबक दिया ।

सैयारा की सक्सेस स्टोरी से इंप्रेस करण जौहर
सैयारा के शानदार प्रदर्शन पर बात करते हुए करण जौहर ने कहा, “मुझे लगता है कि हर किसी को लगता है कि उनके पास सभी जवाब हैं । तो, मैं आपको बताता हूं कि पॉपुलर मान्यता यह थी कि स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स सिनेमाघरों के फुटफॉल के लिए एक बड़ा खतरा हैं। यह हो चुका है और अब एक ऐसा दर्शक वर्ग है जो थिएटर में कंटेंट देखने नहीं आएगा, क्योंकि वे डिजिटल पर बहुत ज्यादा कंटेंट देख रहे हैं। तीन महीने पहले तक यही थ्योरी थी, ठीक है? और हम सब मानते थे कि एक ऐसा दर्शक वर्ग है जिसने पिंक, कपूर एंड सन्स, नीरजा, पीकू जैसी फिल्मों को एक खास कमाई दी। पहले, कंटेंट-बेस्ड फिल्मों का एक 70-80 करोड़ का क्लब हुआ करता था, लेकिन अब यह घटकर 30-40 करोड़ रह गया है, क्योंकि बाकी दर्शक स्ट्रीमिंग पर चले गए हैं ।”
उन्होंने दर्शकों के बदलते रुझानों और रीजनल सिनेमा के प्रभाव पर भी बात की, “कहा जा रहा था कि साउथ की फिल्में हमसे ज्यादा स्ट्रॉन्ग हैं, जो सच है। टेक्निकली वे हमसे आगे हैं। साथ ही यह भी सुनने को मिला कि लव स्टोरी अब काम नहीं कर रही हैं।”
लेकिन सैयारा ने इन सभी धारणाओं को चुनौती दे दी। जौहर ने कहा, “फिर आती है सैयारा… और सब कुछ बदल जाता है। दो नए चेहरों के साथ एक लव स्टोरी पहले दिन 22 करोड़ का कलेक्शन कर लेती है। अचानक आपके पास जो भी लॉजिक, थ्योरी और जानकारी है, वह सब खिड़की से बाहर चली जाती है ।”
सैयारा की सफलता यह साबित करती है कि आज का बॉक्स ऑफिस बेहद अनिश्चित है, और दर्शकों का जुड़ाव, कंटेंट और प्रेजेंटेशन कई बार पारंपरिक इंडस्ट्री लॉजिक को मात दे देता है। नए सितारों के साथ भी लव स्टोरीज दर्शकों को लुभा सकती हैं — और यशराज फिल्म्स एक बार फिर ऐसा सरप्राइज हिट देने में कामयाब रहा है।
















