बॉलीवुड में रणवीर सिंह तो अपने अतरंगी फ़ैशन के लिए जाने जाते ही हैं लेकिन एक और बॉलीवुड सेलिब्रिटी है जो उन्हें अतरंगी फ़ैशन में टक्कर देता है । और वो है फ़िल्ममेकर करण जौहर, जो अपनी फ़िल्मों के अलावा अपने ड्रेसिंग सेंस को लेकर भी सुर्खियों में बने रहते हैं । लेकिन इस बार करण जौहर के ड्रेसिंग सेंस पर उनकी दोस्त और कॉरियोग्राफ़र व फ़िल्ममेकर फराह खान ने भी मजाक उड़ाया है ।

करण जौहर के ड्रेसिंग सेंस पर फराह खान ने ली चुटकी
सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वालीं फराह खान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह करण के नए लुक पर बात कर रही हैं । इस वीडियो में फ़राह, करण के फैशन सेंस का मजाक भी उड़ाती नजर आ रही हैं । शेयर किए गए वीडियो में ब्लैक पैंट्स और ‘शंहशाह’ हुडी के साथ सिल्वर शूज कैरी किए हुए करण फ़राह को अपना नया लुक दिखाते हैं । करण की ब्लैक ‘शंहशाह’ हुडी पर कुछ स्पाइक्स लगी हैं, जिनके बारे में फराह कहती हैं कि “यह मुझे पोक करने के लिए काफी हैं ।” इसके बाद फराह, करण के पास से कैमरे को घुमा लेती हैं जो करण को अच्छा नहीं लगता । इस पर करण कहते हैं कि “यह तो आप बेइज्जती कर रही हैं मेरी, क्या मेरी कोई इम्पॉर्टेंस नहीं ।”
बता दें कि करण और फ़राह पिछले 27 सालों से एक दूसरे के दोस्त हैं । दोनों एक दूसरे के साथ एक स्पेशल बॉन्ड शेयर करते हैं । वहीं फ़राह करण की टांग खींचने का शायद ही कोई मौका गंवाती हैं ।
वर्क फ़्रंट की बात करें तो करण और फ़राह इन दिनों उनकी आगामी फ़िल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में कई साल बाद एक साथ काम कर रहे हैं । रणवीर सिंह, आलिया भट्ट, शबाना आज़मी, जया बच्चन और धर्मेंद्र स्टारर रॉकी और रानी की प्रेम कहानी को जहां करण डायरेक्ट कर रहे हैं वहीं फ़राह इसमें कोरियोग्राफी कर रही हैं ।
















