कार्तिक आर्यन इन दिनों सक्सेस को भरपूर एंजॉय कर रहे हैं । एक के बाद एक हिट फ़िल्में देकर कार्तिक आर्यन बॉलीवुड के सबसे डिमांडिंग अभिनेता में से एक बन गए हैं । वहीं साल 2021 में फ़िल्म दोस्ताना 2 को लेकर कार्तिक आर्यन और फ़िल्ममेकर करण जौहर के बीच अनबन हो गई थी । बात यहां तक आ गई थी कि करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस ने फ़्यूचर में कभी कार्तिक के साथ काम न करने की बात कह डाली थी । लेकिन अब लगता है कि कार्तिक और करण जौहर के बीच हुई कोल्ड वॉर ठंडी पड़ने लगी है । इसलिए तो जब कार्तिक की अपकमिंग फ़िल्म शहजादा का ट्रेलर रिलीज हुआ तो उसे करण जौहर ने सराहा ।

कार्तिक आर्यन और करण जौहर के बीच खत्म हुआ मनमुटाव
करण और कार्तिक के बीच सब ठीक है, इस बात का सबूत तब मिला जब करण ने कार्तिक की फ़िल्म शहजादा के ट्रेलर को सराहा । करण ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर शहजादा के ट्रेलर और फ़िल्म की तारीफ़ करते हुए लिखा, “मसाले से भरपूर और एंटरटेनमेंट का जबरदस्त तड़का । शहजादा की टीम को बधाई ।” हालांकि करण ने अपने इस मैसेज में कार्तिक को कहीं भी मेंशन नहीं किया ।
बता दें कि, करण और कार्तिक दोनों ने अपनी इस अनबन पर कभी भी खुलकर बात नहीं की । लेकिन अनीस बज्मी की भूल भुलैया 2 की सक्सेस के बाद कार्तिक ने पहली बार कहा था कि, बहुत से लोगों ने फिल्म की रिलीज से पहले उनकी काबिलियत पर शक किया था ।
शहजादा की बात करें तो, इस फ़िल्म का निर्देशन रोहित धवन ने किया है, जिसमें कार्तिक, कृति सेनन, मनीषा कोइराला, परेश रावल, रोनित रॉय, सचिन खेडेकर, सनी हिंदुजा और अंकुर राठी ने अभिनय किया है, संगीत प्रीतम ने दिया है, जिसे भूषण कुमार, अल्लू अरविंद और अमन गिल ने निर्मित किया है। यह फिल्म 10 फरवरी 2023 को रिलीज होगी ।
















