डिज़्नी की आइकॉनिक साइंस-फिक्शन फ्रैंचाइज़ी ट्रॉन की तीसरी किस्त ट्रॉन: एरेस का नया ट्रेलर गुरुवार को रिलीज़ कर दिया गया। यह फिल्म 1982 की ट्रॉन और 2010 की ट्रॉन: लेगेसी के बाद फ्रैंचाइज़ी को आगे बढ़ाती है। भारत में यह फिल्म 10 अक्टूबर 2025 को हिंदी, अंग्रेज़ी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

डिज़्नी की ट्रॉन: एरेस का ट्रेलर रिलीज
फिल्म की कहानी एक शक्तिशाली और हाई-टेक प्रोग्राम Ares के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे डिजिटल दुनिया से निकलकर असल दुनिया में एक खतरनाक मिशन पर भेजा जाता है। यह मिशन इंसानों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बीच पहले आमने-सामने के टकराव की शुरुआत बनता है।
ट्रेलर में खास बात यह रही कि इसमें ग्रैमी पुरस्कार विजेता बैंड Nine Inch Nails का नया गाना ‘As Alive As You Need Me To Be’ भी शामिल है, जिसने फिल्म के टोन को और अधिक इंटेंस बना दिया है।
जोआचिम रोनिंग द्वारा निर्देशित इस फिल्म में जेरेड लेटो, ग्रेटा ली, इवान पीटर्स, हसन मिन्हाज, जोडी टर्नर-स्मिथ, आर्टुरो कास्त्रो, कैमरन मोनाघन, गिलियन एंडरसन और जेफ़ ब्रिजेस प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि Tron फ्रैंचाइज़ी में जेफ़ ब्रिजेस की वापसी फैंस के लिए बड़ा सरप्राइज़ मानी जा रही है।
फिल्म का निर्माण शॉन बेली, जेफ़री सिल्वर, जस्टिन स्प्रिंगर, जेरेड लेटो, एम्मा लुडब्रुक और Tron के ओरिजिनल क्रिएटर स्टीवन लिसबर्गर ने किया है, जबकि रसेल एलन इसके कार्यकारी निर्माता हैं।
डिज़्नी की ट्रॉन: एरेस जहां एक ओर तकनीक और कल्पना की दुनिया में एक नई छलांग है, वहीं दूसरी ओर यह AI और मानवता के भविष्य को लेकर दिलचस्प बहस भी छेड़ती है।
















