बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल डायरेक्‍टर संदीप रेड्डी वांगा की एनिमल के फ़र्स्ट लुक टीजर में अपनी एक छोटी सी झलक से पूरे टीजर की लाइमलाइट चुरा ले गए हैं । रणबीर कपूर स्टारर एनिमल में बॉबी देओल के महज 7 सेकेंड की झलक और उनके अंदाज और अवतार ने कुछ ऐसा जादू चलाया है कि हर तरफ उनकी चर्चा है । सभी यह जानने के लिए उत्‍सुक हैं कि आख‍िर एनिमल में उनका क्‍या रोल है । कुछ लोगों को कहना है कि, एनिमल में बॉबी देओल क्या नरभक्षी का किरदार निभा रहे हैं ? और अब बॉबी देओल ने एनिमल में अपने किरदार को लेकर बड़ा हिंट दिया है ।

रणबीर कपूर स्टारर एनिमल में बॉबी देओल की महज 7 सेकेंड की झलक ने बढ़ाई फ़ैंस की उत्सुकता ; फ़िल्म में कैसा होगा किरदार, बॉबी ने दिया हिंट

एनिमल में बॉबी देओल का किरदार

इसी साल 1 दिसंबर को रिलीज होने वाली एनिमल में जहां रणबीर कपूर, रशिका मंदाना और अनिल कपूर लीड रोल में नजर आने वाले हैं वहीं बॉबी का भी फ़िल्म में काफ़ी अहम रोल है । बॉबी का लुक और अंदाज लोगों के मन में कई सवाल पैदा कर गया है और अब बॉबी ने फ़िल्म में अपने किरदार को लेकर जागरण फिल्म फेस्टिवल में अपने किरदार को लेकर बात की । उन्होंने कहा, “मैं बहुत खुशकिस्‍मत हूं कि मुझे एनिमल जैसी फिल्‍म का हिस्‍सा बनने का मौका मिला है । मुझे संदीप का काम हमेशा से पसंद आया है । वह एकमात्र ऐसे डायरेक्‍टर हैं, जिन्‍होंने एक ही फिल्‍म दो बार (अर्जुन रेड्डी और कबीर सिंह) बनाई है और दोनों सफल रही हैं । मैंने पहले भी कहा है कि मैं अलग-अलग तरह के किरदार करना चाहता हूं । मैं अपनी इमेज तोड़ना चाहता हूं ।”

फिल्‍म के टीजर में अपनी 7 सेकेंड की झलक को लेकर बॉबी ने कहा, “जब मैंने वो दरवाजा खोलने वाला शॉट किया, मैंने मॉनिटर को देखा तक नहीं । हम तब जल्‍दबाजी में थे । हमें काम खत्‍म करना था । जब टीजर आया, तब मैंने भी वह शॉट पहली बार देखा और देखकर मैं भी दंग रह गया कि क्‍या ये मैं ही हूं ? मैं ये पक्‍के तौर पर तो अभी नहीं बता सकता, लेकिन हां मैं वहां कुछ तो जरूर खा रहा हूं ।”

बता दें कि एनिमल के टीजर में बॉबी का कुछ खाते हुए शॉट सोशल मीडिया पर काफ़ी वायरल हो रहा है । लेकिन अभी तक ये सामने नहीं आया है कि फ़िल्म में उनका किरदार क्या होने वाला है । बहरहाल ये फ़िल्म रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा । संदीप रेड्डी वांगा निर्देशित एनिमल इसी साल 1 दिसंबर को हिंदी के साथ ही तमिल, तेलुगू, कन्‍नड़ और मलयालम में भी रिलीज होगी ।