भारत के बाहर सबसे बड़ा भारतीय फिल्म महोत्सव, इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) हिंदी सिनेमा के महान निर्देशक और दिग्गज कलाकार गुरुदत्त को एक खास श्रद्धांजलि देने जा रहा है। महोत्सव के 2025 संस्करण में गुरुदत्त की दो कालजयी फिल्मों प्यासा और कागज़ के फूल की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी।

इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में सिनेमा के 100 साल पूरे होने पर गुरुदत्त को खास श्रद्धांजलि ; प्यासा और कागज़ के फूल की होगी स्पेशल स्क्रीनिंग

गुरुदत्त को खास श्रद्धांजलि

गुरुदत्त, जिनकी दूरदर्शी कहानियां और मानवीय संवेदनाओं से भरी फिल्में भारतीय सिनेमा की भाषा को हमेशा के लिए बदल गईं, आज भी दुनियाभर के फिल्मकारों और सिनेमा प्रेमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी फिल्मों में काव्यात्मक गहराई, खूबसूरत दृश्य सौंदर्य और सामाजिक संवेदनशीलता देखने को मिलती है, जो आज भी दर्शकों को प्रभावित करती हैं। IFFM इस श्रद्धांजलि के माध्यम से सिर्फ गुरुदत्त को नहीं, बल्कि उनके द्वारा छोड़ी गई अमूल्य विरासत को सम्मानित करना चाहता है, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को कई यादगार क्षण दिए।

महोत्सव की निदेशक, मितु भौमिक लैंगे ने कहा, “गुरुदत्त अपने समय से कहीं आगे थे, चाहे वह सिनेमा की तकनीक हो या उनके द्वारा कहानियों में लाई गई भावनात्मक गहराई। उनकी फिल्में जैसे ‘प्यासा’ और ‘कागज़ के फूल’ सिर्फ क्लासिक नहीं हैं, बल्कि भारतीय सिनेमा की आत्मा को दिखाने वाली सांस्कृतिक धरोहर हैं। IFFM में हम मानते हैं कि जिन्होंने हमारे सिनेमा को आकार दिया, उन्हें सम्मानित करना बहुत जरूरी है। यह श्रद्धांजलि उनके अद्भुत काम को याद करने और नई पीढ़ी तक उनकी कालजयी फिल्मों को पहुंचाने का हमारा एक विनम्र प्रयास है।”

इन स्क्रीनिंग्स के माध्यम से भारतीय सिनेमा के स्वर्ण युग और उसके प्रभाव को दर्शाने वाला विशेष रेट्रोस्पेक्टिव रखा जाएगा। मेलबर्न के दर्शकों को गुरुदत्त की फिल्मों की दृश्यात्मक काव्यात्मकता बड़े पर्दे पर देखने का दुर्लभ अवसर मिलेगा, जो उस कलाकार के लिए एक उपयुक्त श्रद्धांजलि होगी जिसने सिनेमा को सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि एक गहरे कला रूप में देखा।

IFFM 2025 भारतीय कहानियों की गहराई और विविधता को दिखाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, अतीत के इन महान कलाकारों को सम्मानित करेगा और भविष्य की आवाज़ों को भी मंच प्रदान करेगा।