
सलमान खान का इस बार का जन्मदिन और भी ज्यादा खास बन गया है । आज सलमान अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं । और जश्न मनाने का उनके पास एक और दमदार कारण यह है कि उनकी हालिया रिलीज फ़िल्म टाइगर जिंदा है, महज 5 दिनों में ही 50 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई है ।

मंगलवार की रात, हर साल की तरह, इस साल भी सलमान खान अपना जन्मदिन मनाने के लिए अपने परिवारजन और बेहद करीबी दोस्तों के साथ अपने पनवेल फ़ार्म हाउस पहुंचे । अपने इस स्पेशल दिन पर उनकी टाइगर जिंदा है की को-स्टार कैटरीना कैफ़ और निर्देशक अली अब्बास जफ़र भी खास मेहमान के रूप में नजर आए ।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी और उनकी पत्नी साक्षी धोनी भी सलमान खान की जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुई । इससे पहले ये जोड़ी अनुष्का शर्मा और विराट कोहली के मुंबई रिसेप्शन में भी नजर आई थी । सलमान खान ने क्रिकेटर, अर्पिता खान शर्मा और बीना काक के साथ फ़ोटो भी क्लिक करवाए ।

इसके बाद सलमान खान अपने हिट गाने 'बेबी को बेस पसंद है' पर डांस करते हुए नजर आए । इतना ही नहीं उन्होंने मेहमानों के साथ एड शीरन के लोकप्रिय गाने 'शेप ऑफ़ यू' पर भी डांस किया ।

फ़िल्मों की बात करें तो, सलमान खान जल्द ही रेमो डिसूजा द्दारा निर्देशित फ़िल्म रेस 3 में नजर आएंगे । इस फ़िल्म में वह जैकलीन फ़र्नांडीज, अनिल कपूर, बॉबी देओल, साकिब सलीम और डेजी शाह के साथ नजर आएंगे । सलमान खान फ़िल्म्स और टिप्स द्दारा प्रोड्यूस यह फ़िल्म 2018 की ईद के दौरान रिलीज होगी ।
















