हिंदी सिनेमा की कल्ट क्लासिक फ़िल्म गदर - एक प्रेम कथा (2001) का मचअवेटेड सीक्वल गदर 2 फ़ाइनली रिलीज के लिए तैयार है । लेकिन उससे पहले मेकर्स ने गदर 2 का ट्रेलर लॉन्च कर दिया है उम्मीद के मुताबिक ट्रेलर को लोगों से भरपूर प्यार मिल रहा है । एक बार फ़िर अनिल शर्मा अपनी फ़िल्म में भारत-पाकिस्तान की कहानी को एक्शन पैक्ड अंदाज में दिखाने वाले हैं । 26 जुलाई को गदर 2 का ट्रेलर लॉन्च किया गया जिसमें फ़िल्म की स्टार कास्ट सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा के साथ फ़िल्म के डायरेक्टर अनिल शर्मा भी मौजूद रहे । इस मौके पर अनिल शर्मा ने बताया कि क्यों उन्हें गदर 2 बनाने की जरूरत थी ।

गदर 2 में सनी देओल के ‘हथौड़ा सीन’ पर डायरेक्टर अनिल शर्मा ने कहा- “अगर ये सीन बॉलीवुड और साउथ के बड़े-बड़े हीरो करते तो वो अच्छे लगते लेकिन सनी जैसा कोई नहीं लगता”

गदर 2 को इसलिए बनाना पड़ा

गदर के पहले पार्ट में जहां तारा सिंह बने सनी देओल हैंडपंप उखाड़ते हुए नजर आए वहीं गदर 2 में वह हथौड़ा चलाते, पहिया घुमाते हुए पाकिस्तान पर हमला करते हैं > गदर 2 का ट्रेलर लॉन्च के दौरान डायरेक्टर अनिल शर्मा ने बताया, “फ़िल्म के एक सीन में सनी हथौड़ा थामे एक्शन करते हुए नजर आ रहे हैं । एक दिन हमारी 10-15 लोगों की टीम बैठी थी और मैंने उनसे पूछा, 'जो बॉलीवुड और साउथ के बड़े-बड़े हीरो हैं, वो ये सीन करते तो कैसा लगता ?' उन्होंने एक स्वर में कहा, 'वो लोग करते तो भी अच्छा लगता लेकिन जैसे सनी सर लग रहे हैं, वैसा कोई नहीं लगता'!” जैसा कि अपेक्षित था, फ़ैंस और मीडिया ने इस बयान पर तालियाँ बजाईं ।

अनिल शर्मा ने यह भी कहा, “जब मैं उनसे गदर 2 के नेरेशन के लिए मिला, तो उन्होंने मुझसे पूछा, ‘शर्मा जी, हम (गदर 2) क्यों बना रहे हैं ? गदर इतनी बड़ी हिट है। उसकी अपनी एक लेगेसी है । तो मैंने उन्हें जवाब दिया, "क्योंकि पूरा हिंदुस्तान चाहता है कि गदर 2 बने । हमें लोगों की तो सुननी चाहिए । इसके बाद वे नेरेशन के लिए राजी हुए । जब उन्होंने कहानी सुनी, तो उनकी आंखों में नन्हा सा एक आंसू आया। इस तरह गदर 2 की जर्नी शुरू हुई ।”

अनिल शर्मा ने सनी देओल की को-स्टार अमीषा पटेल के बारे में कहा, “जब हमने इस फ़िल्म में सकीना के रोल के लिए अमीषा पटेल को साइन किया तो मैं ये समझ नहीं पाया कि, ये इतनी सुंदर कैसी लगती है ? इनका रूप बढ़ता ही जा रहा है । समय बढ़ रहा है पर इनकी उम्र कम हो रही है ।”

इस बार गदर 2 की कहानी तारा सिंह और उनके बेटे चरणजीत के इर्द गिर्द घूमती दिखाई देगी । फिल्म 1970 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान की दिखाई गई है । वहीं इस बार सनी का एक नहीं बल्कि दो-दो विलेन से सामना होगा । बेटे को बचाने सनी फिर पाकिस्तान की धरती पर कदम रखेंगे । पहले पार्ट में मेयर अशरफ अली की भूमिका निभाने वाले अमरीश पुरी तो अब इस दुनिया में नहीं रहे । तो इस बार मनीष वाधवा और और रोहित चौधरी फिल्म में विलेन का रोल निभा रहे हैं ।