सनी देओल, उत्कर्ष शर्मा और अमीषा पटेल की गदर 2 सिनेमाघरों में सही मायने में गदर मचा रही है । फ़िल्म की रिलीज़ को पूरे दो हफ़्ते हो चुके हैं और अब तीसरा हफ़्ता शुरू हो चुका है लेकिन फ़िल्म की तूफ़ानी कमाई लगातार बढ़ती जा रही है । अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित गदर 2 ने अपनी ताबड़तोड़ कमाई से कई बड़ी फ़िल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है साथ ही साल 2023 की दूसरी सबसे बड़ी फ़िल्म बनकर उभरी है । हालाँकि गदर 2 अभी तक शाहरुख खान के लाइफ़टाइम कलेक्शन को पीछे नहीं छोड़ पाई है लेकिन फ़िल्म की कमाई अभी भी जारी है । बॉक्स ऑफिस पर अब तक कुल 426.20 करोड़ रू की कमाई कर चुकी गदर 2 की सुपर सक्सेस और बंपर कमाई को लेकर हाल ही में फ़िल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने पठान के साथ तुलना पर कहा कि वो नंबर्स पर बहुत ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं । लोगों को फिल्म अच्छी लगे, ये ज्यादा अहम है । अनिल ने कहा आज हम गदर 2 के जो आंकड़े देख रहे हैं, वो सभी रियल हैं ।

क्या पठान को पीछे छोड़ा पाएगी गदर 2 की बंपर कमाई ?
गदर 2 की बंपर कमाई को देखते हुए क्या ये संभावना है की गदर 2 आने वाले दिनों में पठान का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी ? इसके जवाब में अनिल शर्मा ने इंडिया टुडे से कहा, “मैं नंबर्स में विश्वास नहीं करता हूं । पठान ने काफी अच्छी कमाई की । KGF-2 ने भी अच्छा कलेक्शन किया था । अब गदर 2 भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अब देखते हैं कि फिल्म कितना आगे जाती है ।
अनिल शर्मा ने आगे कहा, “यह हमारी नहीं बल्कि पब्लिक की फिल्म है । इसने ऑलरेडी 400 करोड़ कमा लिए हैं । आने वाले हफ्तों में फिल्म 500 करोड़ भी रुपए कमा सकती है । हो सकता है कि कुछ वक्त बाद फिल्म एक हजार करोड़ का भी आंकड़ा पार ले, इसलिए हमारा ध्यान इन नंबर्स पर नहीं है । हम अपनी फिल्म के जरिए लोगों के दिलों में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। लोग फिल्म को देख रहे हैं और इसे पसंद कर रहे हैं, हमारे लिए यही काफी है । हम बॉक्स ऑफिस के जो भी नंबर्स देख रहे हैं, वो फेक नहीं हैं बल्कि रियल हैं ।”
बता दें कि, शाहरुख खान की पठान ने बॉक्स ऑफिस पर कुल 543.05 करोड़ रू की कमाई की है । हालाँकि गदर 2 को ये आँकड़ा छूने में अभी वक्त है लेकिन असंभव नहीं है ।
















