
जब से टाइगर श्रॉफ़ की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म बागी के सीक्वल का ऐलान हुआ है हर कोई इस फ़िल्म से ढेर सारी उम्मीद लगाए बैठा हुआ है । मेकर्स ने भी इसकी दूसरी किश्त में हैरतअंगेज और रोंगटे खड़े कर देने वाले एक्शन सीन दिखाने का वादा किया जिन्हें देखकर मुंह खुला का खुला रह जाएगा । और फ़िल्म शुरू होने से पहले इसकी तैयारी के रूप में टाइगर ने फ़िजिकल ट्रेनिंग भी ली है । और अब हाल ही में टाइगर फ़िल्म के सेत पर एक खतरनाक लुक में नजर आए और इसे देखकर हमें कहना चाहिए कि इससे पहले उनका ऐसा लुक कभी नहीं देखा गया ।
जैसा की सभी को पता है कि बागी 2 के लिए टाइगर श्रॉफ़ ने अपने बालों को काफ़ी छोटा करवा लिया है । और आज हम आपको टाइगर का वो बदला हुआ लुक दिखा रहे है जो बागी 2 का ही एक सीन है । फ़िल्म की इस पहली झलक में टाइगर न केवल गुस्से में दिखाई दे रहेहैं बल्कि उन पर लगे खून के धब्बे ये साबित कर रहे हैं यह फ़िल्म यकीनन एक्शन से लबरेज होगी । मिलिट्री कट लुक, थोड़ी बढ़ी हुई दाढ़ी और चेहरा पर गुस्से के साथ टाइगर अपनी वैनिटी वैन से शूटिंग स्थल की ओर बढ़ते हुए नजर आए ।
बागी में श्रद्धा कपूर अपने एक्शन पैक्ड अवतार में नजर आईं थी लेकिन अभी इस बारें में कुछ पता नहीं है कि दिशा पटनी भी इसके सीक्वल में रोगंटे खड़े कर देने एक्शन सीन परफ़ोर्म करेंगी । दिशा पटनी, एक पूर्व जिमानस्ट हैं और इस बात को ध्यान में रखते हुए हमें लगता है कि यदि फ़िल्म में उनके एक्शन सीन होते हैं तो वह फ़िल्म में जान डाल देंगे ।
अहमद खान द्दारा निर्देशित फ़िल्म बागी 2, निर्माता साजिद नाडियाडवाला के साथ टाइगर श्रॉफ़ का तीसरा सहयोग है । इससे पहले टाइगर ने अपने मेंटर साजिद के साथ अपनी डेब्यू फ़िल्म हीरोपंती और बागी का पहला भाग किया था । बागी 2, संयोग से अपनी पहली किश्त बागी के दो साल पूरा होने वाली डेट यानी, 27 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















