22 साल के लंबे इंतज़ार के बाद फ़ाइनली गदर का सीक्वल, गदर 2 सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रहा है । अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित और सनी देओल और अमीषा पटेल अभिनीत इस फिल्म में उत्कर्ष शर्मा जीते की भूमिका निभाते हुए नज़र आएंगे । गदर 2 को लेकर जहां एक तरफ़ लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है वहीं अफ़वाहों का बाज़ार भी गर्म है जिसमें से एक अफ़वाह ये है कि गदर 2 में सनी देओल सेकेंड हाफ़ से नज़र आते हैं और पूरी फ़िल्म डायरेक्टर अनिल शर्मा के बेटे उत्कर्ष शर्मा के इर्द गिर्द घूमती है । इस अफ़वाह पर दिग्गज ट्रेड एनालिस्ट और फ़िल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने बताया कि यह महज़ अफ़वाह है क्योंकि सनी देओल गदर 2 में शुरुआत से लेकर अंत तक हैं । साथ ही गदर 2 के सबसे अहम सीन ‘हैंडपंप सीन’ पर भी तरण आदर्श ने अनजाने में एक खुलासा कर दिया है ।

गदर 2 का सबसे अहम ‘हैंडपंप सीन’
गदर 2 के बारें में तरण आदर्श ने कहा, “गदर 2 की शुरुआत बहुत धमाकेदार होगी ख़ासकर हिंदी बेल्ट में । जब गदर 2 और लगान का बॉक्स ऑफिस मुक़ाबला हुआ था तो फ़िल्म इंडस्ट्री के बाहर और अंदर लोगों की नज़रें लगान पर ज्यादा टिकी थी । क्योंकि लगान आशुतोष गोवारिकर और आमिर ख़ान की फ़िल्म थी । वहीं गदर को देख लोगों को लगा की यह पुराने जमाने की फ़िल्म होगी । लेकिन जब गदर आई तो सब देखते रह गए, जो उसने उस वक्त बिज़नेस किया था उसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते । इसके अलावा गदर की रिकॉल वैल्यू आज तक है । फ़िल्म की कहानी से लेकर गाने, डायलॉग सभी आज भी यादगार हैं । एक सीन जो गदर 2 में भी नज़र आएगा और वो ‘हैंडपंप सीन’ जो की फ़िल्म का बहुत अहम सीन है । ये सीन सेकेंड हाफ़ में आता है ।”
गदर 2 में सनी के रोल पर भी तरण आदर्श ने कहा, “लोग अफ़वाहें उड़ा रहे हैं कि गदर 2 में सनी का रोल उतना ख़ास और दमदार नहीं है जितना पहले वाली में था । इतना ही नहीं लोग यह भी कह रहे हैं की गदर 2 के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने इस फ़िल्म में अपने बेटे उत्कर्ष शर्मा पर ज़्यादा फ़ोकस किया है । तो जब मैंने इन अफ़वाहों को लेकर अनिल शर्मा से पूछा तो उन्होंने कहा कि, सभी अफवाहें झूठी हैं, उन्होंने मुझे बताया कि फिल्म में शुरू से अंत तक सनी देओल हैं और गदर का मतलब ही सनी देओल है ।”
फिल्म और इसकी बॉक्स ऑफिस संभावनाओं के बारे में आगे बात करते हुए, तरण ने अत्यधिक आशावादी दृष्टिकोण बनाए रखा और कहा, “यह पहली फिल्म का रीमेक नहीं है । दरअसल, यह कहानी को बहुत ही अलग तरीके से आगे ले जाती है । यह स्पष्ट है क्योंकि पहली फिल्म 20 साल पहले रिलीज़ हुई थी, इसलिए कहानी को भी आगे बढ़ना होगा । अब यह 70 के दशक में सेट है । मुझे यकीन है कि यह फिल्म शानदार शुरुआत करेगी ।”
गदर 2 पूरे 22 साल बाद आ रही है इसलिए इसके लिए दर्शकों का उत्साह देखने लायक़ है । निर्देशक-निर्माता अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित और ज़ी स्टूडियो द्वारा निर्मित, गदर 2, 11 अगस्त 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है । दिलचस्प बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर यह फ़िल्म ओह माय गॉड 2 से टकराएगी ।
















