अजय देवगन और तब्बू 90 के दशक से एक दूसरे के साथ फ़िल्में कर रहे हैं और समय के साथ उनकी केमिस्ट्री पहले से भी बेहतरीन हो गई है । अब तक कई फ़िल्मों में साथ नज़र आ चुकी बॉलीवुड की दमदार जोड़ी अजय देवगन और तब्बू एक बार फिर आगामी फ़िल्म, औरों में कहां दम था, में एक दूसरे के साथ नज़र आने वाले हैं । नीरज पांडे निर्देशित यह फिल्म क्लासिक प्रेम कहानी को एक अलग अंदाज में पेश करती है । हाल ही में तब्बू ने बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में बताया कि उनके और अजय देवगन के बीच एक कॉमन चीज़ है जो उन्हें एक साथ फ़िल्म में ले आती है ।

अजय देवगन और तब्बू में कॉमन बात
बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अजय देवगन के साथ अपनी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर खुलकर बात की । इसके अलावा जब तब्बू से पूछा गया कि वह इतने सालों में अजय देवगन में क्या चेंज देखती हैं या वह बिल्कुल भी नहीं बदले हैं ? तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, “वे बिल्कुल नहीं बदले हैं । मुझे यकीन है कि वे आंतरिक रूप से अपने स्वयं के परिवर्तनों से गुजरे होंगे । लेकिन, मुझे लगता है कि हम दोनों के काम करने का तरीक़ा या किसी फ़िल्म को हाँ कहने का तरीक़ा वैसा ही जैसा पहले था । ऐसा नहीं है कि उन्होंने अपनी फिल्मों का चुनाव बदल दिया है - उन्होंने हमेशा अलग-अलग तरह की फिल्में की हैं । उन्होंने फॉर्मूला फिल्में की हैं, लेकिन उन्होंने एक्सपेरिमेंटल फिल्में भी की हैं । उनके बारे में वह बात अभी भी वैसी ही है।”
तब्बू ने यह भी कहा कि किसी को इतने लंबे समय तक एक दूसरे को जानने का सेट पर भी फ़ायदा मिलता है । तब्बू ने कहा, “यह एक बड़ा फायदा है। हम ऑफ-स्क्रीन जो कहते हैं, उसका अपना महत्व होता है । जब हम खुद को स्क्रिप्ट के अनुसार पेश करते हैं या जो हमें करना होता है, हम जानते हैं कि उस समीकरण को कैसे बदलना है । हम दोनों में से कोई भी एक-दूसरे को हल्के में नहीं लेता ।”
ग़ौरतलब है कि, अजय देवगन और तब्बू इससे पहले विजयपथ (1994), हकीकत (1995), तक्षक (1999), दृश्यम (2015), फितूर (2016), गोलमाल अगेन (2017), दे दे प्यार दे (2019), दृश्यम 2 (2022) और भोला (2023) में साथ काम कर चुके हैं । कुल मिलाकर, अजय देवगन और तब्बू ने एक साथ नौ फिल्मों में अभिनय किया है, जिनमें से अधिकांश में वे एक दूसरे के अपोजिट नज़र आए हैं ।
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, अजय देवगन और तब्बू की फिल्म औरों में कहां दम था इस हफ्ते रिलीज नहीं हो पाएगी । और अब मेकर्स ने भी कन्फर्म कर दिया है की औरों में कहां दम था की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है । और अब मेकर्स जल्द ही नई रिलीज डेट अनाउंस करेंगे ।
















