साल 2023 एक नई उम्मीद के साथ शुरू हुआ लेकिन मनोरंज़न जगत के लिए यह साल भी उम्मीद की कसौटी पर खरा नहीं उतर रहा है । पठान के अलावा बॉक्स ऑफ़िस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पा रही हैं । लगभग हर बडी फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर फ़्लॉप साबित हो रही है । इसी मुद्दे पर प्रसिद्ध फिल्म समीक्षक और ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने फ़्लॉप होती फ़िल्में और फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़े विषयों पर खुलकर बात की । साथ ही तरण आदर्श ने तू झूठी मैं मक्कार के एक्टर रणबीर कपूर को इस समय का सुपरस्टार बताया।

तरण आदर्श ने रणबीर कपूर को बताया सुपरस्टार
इंटरव्यू के दौरान तरण ने कहा, “मुझे तू झूठी मैं मक्कार से बहुत उम्मीदें थी क्योंकि, इसे उस डायरेक्टर ने बनाई थी जिसने प्यार का पंचनामा, प्यार का पंचनामा 2, और सोनू के टीटू की स्वीटी जैसी फ़्रेश स्टोरी वाली फ़िल्में बनाई थी । इसलिए तू झूठी मैं मक्कार के साथ मुझे बहुत उम्मीदें थी । हालांकि मुझे फ़िल्म पसंद आई थी लेकिन मुझे इसमें कुछ मिसिंग लगा जो मैंने लव रंजन को कहा भी । लेकिन इसमें रणबीर की एक्टिंग ने मेरा दिल जीत लिया ।”
तरण आदर्श ने कहा, “रणबीर कपूर एक शानदार अभिनेता हैं । और, जब हम सुपरस्टार की बात करते हैं, तो हम 90 के दशक के सुपरस्टार, शाहरुख [खान] सलमान [खान] आमिर [खान] अक्षय [कुमार], अजय [देवगन] और ऋतिक रोशन की बात करते हैं, तो मैं कहूंगा कि इसमें एक और नाम जोड़ें बेशक, वह 90 के दशक की श्रेणी में नहीं है। लेकिन, एक और नाम जोड़ लीजिए और वो हैं रणबीर कपूर । रणबीर में सुपरस्टार वाला ऑरा है ।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि रणबीर एक ऐसे अभिनेता हैं जिसे आप जो भी रोल दे दो वह उसमें पूरी तरह समा जाते हैं । अगर आप उनके काम को देखेंगे तो फिल्म कितनी भी बुरी रही हो या अच्छी रही हो, आप ये नहीं कह सकते कि रणबीर कपूर को एक्टिंग नहीं आती । वह इतने अच्छे अभिनेता हैं । मुझे यकीन है कि आने वाली फिल्म एनिमल में निर्देशक कुछ और है और रणबीर कपूर कुछ और; यह बॉक्स ऑफिस पर कुछ और होने जा रहा है ।”
तरण ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, “रणबीर बहुत अच्छे अभिनेता हैं । मुझे रणबीर के बारे में जो बात सबसे ज्यादा पसंद है, जैसा कि मैंने कहा, रीमेक बनाना कोई अपराध नहीं है, वो ये कि उन्हें रीमेक पसंद नहीं है । बीते दिनों जब मैं उनके साथ एक इंटरव्यू कर रहा था तो उन्होंने कहा था कि- 'मैं रीमेक में इसलिए यकीन नहीं करता हूं क्योंकि कोई इसे पहले भी कर चुका है ।”
















