पिछले कई दिनों से ब्रह्मास्त्र की जोड़ी रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की शादी की खबरें तेजी से सामने आ रही हैं । कहा जा रहा है कि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट 14 अप्रैल को शादी के बंधन में बंधेगे । फ़िर उसके बाद 15 अप्रैल की शाम को, आलिया और रणबीर दोनों अपनी एक्सटेंडेड फ़ैमिली के लिए डिनर का आयोजन करेंगे । 16 अप्रैल को वेडिंग रिसेप्शन है जिसमें आलिया और रणबीर के सभी दोस्तों और परिवार को इनवाइट किया जाएगा । हालांकि रणबीर-आलिया की शादी की खबरों पर कपूर खानदान से अभी तक कोई कंफ़र्मेशन नहीं आया है । लेकिन हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए इंटरव्यू में रणबीर कपूर की मां नीतू कपूर ने रणबीर-आलिया की शादी पर चुप्पी तोड़ी और शादी का सच बताया ।

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की शादी
इंटरव्यू के दौरान जब नीतू से पूछा गया कि रणबीर और आलिया की शादी की अफ़वाहें बहुत उड़ रही हैं, इसके बारें में उनका क्या कहना है । इसके जवाब में नीतू ने कहा, “मैं भी बहुत सुन रही हूं, मैं तो बोल रही हैं उनसे कि बस अब शादी कल लो । ये अफ़वाहें पिछले 2 सालों से चल रही हैं, कभी राजस्थान में शादी कराते हैं तो कभी, कहीं और कराते हैं । और अभी तो आरके स्टूडियो चले गए हैं । यह सब दो सालों से चल रहा है ।”
इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि रणबीर-आलिया की शादी की डेट्स तो इसी महीने यानि अप्रैल की आ रही हैं । तो इसके बारें में नीतू ने कहा, “हां मुझे पता चला, मुझे नहीं पता कि डेट्स कहां से ले रहे हैं । काश मुझे भी इस बारें में पता होता । लेकिन मुझे भी नहीं पता इस बारें में । लेकिन मैं कामना करती हूं कि यह सच हो जाए ।”
हालांकि इस खास बातचीत में नीतू ने शादी की खबरों को नकारा भी नहीं और कहा, “इन दोनों का कुछ पता नहीं है । ये दोनों अपनी दुनिया में रहते हैं इसलिए इन दोनों का कोई भरोसा नहीं है । आज हम इंटरव्यू कर रहे हैं तो उस दौरान दोनों ने शादी भी कर ली होगी, कुछ भी कर सकते हैं वो दोनों । मुझे कुछ पता नहीं है । कोई भरोसा नहीं है उनका ।”
















