अक्षय कुमार को बॉक्स ऑफिस का ‘गारंटी कुमार’ कहा जाता था लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी कई फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर एक के बाद एक फ्लॉप साबित हो रही हैं । ख़ासकर कोविड-19 महामारी के बाद सिर्फ़ सूर्यवंशी के, अक्षय की कोई भी फ़िल्म सुपरहिट साबित नहीं हुई । बेल बॉटम, बच्चन पांडे, सम्राट पृथ्वीराज, राम सेतु, रक्षा बंधन, सेल्फी, बड़े मियाँ छोटे मियाँ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई । हालाँकि इन सब के बीच OMG 2 ने अच्छा परफॉर्म किया । वहीं अक्षय कुमार की हलैया रिलीज़ सरफिरा भी अपने लिए दर्शक जुटाने में बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही है । ऐसे में अब एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मराठा मंदिर सिनेमा और दिग्गज फ़िल्ममेकर मनोज देसाई ने अक्षय कुमार को कुछ सलाह दी है । साथ ही अक्षय को सीरियस होने के लिए भी कहा है ।

अक्षय कुमार को सीरियस होने की ज़रूरत है
समीक्षकों द्वारा प्रशंसित तमिल फिल्म की रीमेक सरफिरा भी बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक़ परफॉर्म नहीं कर पा रही है । ऐसे में मनोज देसाई ने अक्षय कुमार को सीरियस होने की सलाह दी है । मनोज देसाई ने कहा, “अक्षय कुमार को अपनी फ़िल्मों को लेकर थोड़ा सीरियस होना चाहिए । इस बारें में मेरी उनसे बात भी हुई है । अक्षय को एक्टिंग में नहीं बल्कि फ़िल्मों के कंटेंट को लेकर सीरियस होना चाहिए । आप वो कंटेंट अपनी फ़िल्म के लिए चुने जो एक्स्ट्राऑर्डिनरी हो । तभी मज़ा आएगा ।”
इतना ही नहीं मनोज देसाई ने इन दिनों फ़िल्मों की कम से कम मार्केटिंग पर भी चिंता जताई । उन्होंने कहा, “कोई भी फिल्म का प्रचार नहीं कर रहा है । कल्कि 2898 AD को सरफिरा से ज़्यादा प्रचारित किया गया । अक्षय को क्या हो गया है ? वह अपनी फिल्मों का प्रचार क्यों नहीं कर रहे हैं ? अख़बारों में इस बारे में कोई प्रचार नहीं है कि फिल्म कहाँ चल रही है। सभी को BookMyShow पर जाकर देखना पड़ता है कि यह कहाँ चल रही है। यह उचित नहीं है ।”
















