बॉलीवुड के सबसे फिट और डैशिंग स्टार ऋतिक रोशन अपनी फ़िटनेस से कई लोगों को इंस्पायर करते हैं । 50 की उम्र में भी ऋतिक रोशन इतने फिट हैं कि यंग जेनरेशन को टफ कंपीटिशन देते हैं । अपनी हर फ़िल्म के साथ अपनी बॉडी को ट्रांसफॉर्म करने वाले ऋतिक रोशन हाल ही में रिलीज हुई एरियल एक्शन ड्रामा फ़िल्म फाइटर में एक्शन अवतार में नज़र आ रहे हैं । फ़िल्म में उनके एक्शन के साथ-साथ उनकी फिट और मस्क्यूलर बॉडी भी सुर्ख़ियाँ बटोर रही है । ऐसी बॉडी बनाने और ऐसी फ़िटनेस के लिए ऋतिक रोशन ने फाइटर की शूटिंग से 5-6 महीने पहले ही वर्क आउट शुरू कर दिया था । और इसका खुलासा इंटरनेशनल सेलिब्रिटी ट्रेनर क्रिस गेथिन ने हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में किया । क्रिस गेथिन ने खुलासा किया कि, फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन के लिए ऋतिक रोशन की कड़ी मेहनत और अनुशासन क़ाबिलेतारीफ़ है ।

फाइटर के लिए ऋतिक रोशन का फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन
बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में क्रिस गेथिन ने खुलासा किया कि ऋतिक 2011 से एक दशक से अधिक समय से उनसे ट्रेनिंग ले रहे हैं । “मैंने वास्तव में उनके बारे में कभी नहीं सुना था, लेकिन जब मैं उनसे पहली बार मिला तो यह बहुत खास था । मुझे नहीं पता था कि वह कौन थे ।”
ऋतिक ने शूटिंग से 5-6 महीने पहले फाइटर के लिए ट्रेनिंग शुरू कर दी थी । उन्होंने कहा, “वह अब 50 साल के हैं । लेकिन, ऋतिक के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि उन्होंने हर चीज से ज्यादा अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दिया है । इसलिए, उनका शरीर ट्रांसफ़ॉर्म होने के लिए समय नहीं लेता । ऐसा महसूस होता था कि उनकी बॉडी अभी बूढ़ी नहीं हुई है । जो भी वह वर्क आउट करते हैं उसका उनकी बॉडी बहुत अच्छे से रेस्पोंड करती है । उन्होंने अपने लुक से ज्यादा अपनी फ़िटनेस पर ज्यादा ध्यान दिया है और जब आप अपनी फ़िटनेस पर ज्यादा ध्यान देते हो तो लुक अपने-आप आ जाता है ।”
उन्होंने आगे कहा, “यह उनके लिए आसान नहीं था । यह कठिन था क्योंकि आप कई महीनों तक कोई भी ख़राब खाना नहीं खा सकते । उनके प्रदर्शन से पता चलता है कि उन्होंने पहले कितनी मेहनत की है ।”
25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई सिद्धार्थ आनंद की फाइटर बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म कर रही है । इस फ़िल्म में ऋतिक के अलावा दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, करण सिंह ग्रोवर और अक्षय ओबेरॉय भी लीड रोल में नज़र आ रहे हैं ।
















