प्रशांत नील के निर्देशन में बनी यश और संजय दत्त स्टारर केजीएफ - चैप्टर 2 ने अपनी सफ़लता से बॉक्स ऑफ़िस पर इतिहास रच दिया है । कमाई के मामले में फ़िल्म ने कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फ़िल्मों को पीछे छोड़ दिया है । बॉक्स ऑफ़िस पर विजेता बनकर उभरी केजीएफ - चैप्टर 2 ने अब तक कुल 397.95 करोड़ रु की कमाई कर ली है । फ़िल्म में यश के शानदार परफ़ोर्मेंस के अलावा संजय दत्त की परफ़ोर्मेंस को भी खूब सराहना मिल रही है । केजीएफ - चैप्टर 2 में खलनायक अधीरा के किरदार में नजर आए संजय दत्त ने बॉलीवुड हंगामा से हुई एक्सक्लूसिव बातचीत में बताया कि उन्होंने केजीएफ़ 2 करने के लिए क्यों हामी भरी ।

EXCLUSIVE: केजीएफ़ 1 से इंप्रेस हुए संजय दत्त ने इसलिए केजीएफ - चैप्टर 2 को करने का फ़ैसला किया

केजीएफ - चैप्टर 2 में खलनायक बने संजय दत्त

केजीएफ़ 2 स्टार संजय दत्त ने फ़िल्म की रिलीज से पहले बॉलीवुड हंगामा के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की । इस दौरान जब संजय से पूछा गया कि उन्हें केजीएफ़ 1 में ऐसा क्या लगा जो उन्होंने केजीएफ़ 2 के लिए हां कह दी । इसके जवाब में संजय ने कहा, "मुझे सबसे ज्यादा यश और श्रीनिधि की एक्टिंग ने प्रभावित किया । और इनसे भी ऊपर डायरेक्टर प्रशांत नील और उनका विजन । जिस तरह से प्रशांत नील ने फ़िल्म को पेश किया है, कहानी को पेश किया है वह काबिलेतारिफ़ है । फ़िल्म के इमोशंस, लव स्टोरी और एक्शन अद्भुत है ।”

14 अप्रैल को रिलीज हुई केजीएफ़ 2 जब से रिलीज हुई है तब से लगातार बॉक्स ऑफ़िस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है । इस दौरान जितनी भी फ़िल्में रिलीज हुई उन सभी में केजीएफ़ 2 विजेता बनकर उभरी । फ़िल्म को मिल रहे इतने प्यार को देखकर उम्मीद जताई जा रही है कि फ़िल्म जल्द ही 400 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी ।

हमने सुना है कि, केजीएफ़ 2 के बाद मेकर्स ने फ़िल्म के अंत में केजीएफ़ 3 की भी हिंट दे दी है । हिंदी, मलयालम, तमिल, कन्नड़ और तेलुगु सहित पांच भाषाओं में रिलीज हुई केजीएफ़ 2 में यश, श्रीनिधि शेट्टी, संजय दत्त के अलावा रवीना टंडन भी एक स्पेशल भूमिका में नजर आई है ।