जहां एक तरफ़ अजय देवगन एक बार फिर अपने सिंघम अवतार में रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स की दीवाली रिलीज सिंघम अगेन में वापस लौट रहे हैं वहीं काजोल भी अपनी आगामी फ़िल्म दो पत्ती में पहली बार पुलिस ऑफिसर के किरदार में नज़र आने वाली हैं । इस फ़िल्म में काजोल के साथ कृति सेनन भी लीड रोल में नज़र आएँगी । हाल ही में काजोल ने कृति सनोन, कनिका ढिल्लों, शहीर शेख और मोनिका शेरगिल के साथ मुंबई के एक स्टूडियो में अपनी थ्रिलर फिल्म दो पत्ती का ट्रेलर लॉन्च किया जिस दौरान काजोल ने अपने वन लाइनर से पूरे इवेंट को यादगार बना दिया । साथ ही एक्ट्रेस ने बताया कि अजय देवगन और काजोल में से सबसे बड़ा सिंघम कौन है ।

दो पत्ती में काजोल बनीं पुलिस ऑफिसर
काजोल से पहली बार फ़िल्म दो पत्ती में पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका निभा रही हैं । वहीं उनके पति अजय देवगन पहले ही रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स के सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले ‘सिंघम’ है । ऐसे में जब दो पत्ती के ट्रेलर लॉन्च में काजोल से पूछा कि, क्या उन्होंने अपने किरदार के लिए अपने पति अजय देवगन से कोई टिप्स ली है ? तो काजोल ने चुटकी लेते हुए कहा, “मैं बस इतना बताना चाहती हूं कि मैंने उनसे कोई टिप्स नहीं ली है ।”
इसके अलावा जब एक अन्य पत्रकार ने पूछा कि घर में उनके और अजय देवगन के बीच कौन बड़ा सिंघम है ? इसका काजोल ने अपने खास अंदाज में जवाब दिया और कहा, “देखिए, ये मैंने पहली भी कहा है और हर स्टेज पर कहा है कि असली सिंघम (खुद की ओर इशारा करते हुए) यहाँ पे बैठा है ।” काजोल की इस बात पर वहां मौजूद ठहाके लगाकर हंसा और यह इस इवेंट का यादगार पल बन गया ।
काजोल ने आगे कहा, “मैंने इतने सालों तक काम किया है और जब भी आप शॉट के लिए कपड़े पहनते हैं, तो ऐसा लगता है कि आप वर्दी पहने हुए हैं । ऐसा लगता है कि किसी और के कपड़े पहने हुए हैं तो वर्दी ही लग रही है, चाहे वह साड़ी हो, सलवार कमीज हो, पैंट-सूट हो आदि । लेकिन जब आप पुलिस की वर्दी पहनकर सेट पर जाते हैं, तो आपको अलग महसूस होता है। मैंने अजय देवगन से नहीं पूछा कि उन्हें क्या लगता है !” जैसी कि उम्मीद थी, अजय का नाम सुनते ही हंसी आ गई ।
काजोल ने आगे कहा, “इससे आपको खुद के लिए और वर्दी में मौजूद हर किसी के लिए अधिकार और सम्मान का एहसास होता है । आपको पता होता है कि आप एक अभिनेता हैं और यह आपकी वर्दी नहीं है । फिर भी, आपके अंदर एक जोश आता है । आपके हाव-भाव में एक खास कड़कपन आ जाता है । मुझे पुलिसवाले का किरदार निभाना वाकई बहुत पसंद आया और मैं फिर से ऐसा करना चाहूंगी ।”
फिर उनसे पूछा गया कि क्या दो पत्ती में उनके किरदार को शामिल करते हुए कॉप वर्स संभव है । काजोल ने हंसते हुए कहा, “मुझे कुछ पता नहीं है । बहुत-बहुत धन्यवाद । पहले आप पिक्चर देख लो, फिर बात करते हैं !”
दिलचस्प बात यह है कि अजय देवगन की सिंघम अगेन 1 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है, जबकि दो पत्ती 25 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी ।
















