महामारी बने कोरोना वायरस के चलते देशभर में 21 दिनों का लॉकडाउन घोषित किया गया है । कोरोना का संक्रमण फ़ैले न इसके लिए लोगों से घरों में ही रहने की अपील की जा रही है । इसी के साथ लोगों के मनोरंजन का भी ध्यान रखा गया है और इसलिए दूरदर्शन पर एक बार फ़िर 33 साल पुराने रामानंद सागर के रामायण का टेलीकास्ट किया जा रहा है । बता दें कि, रामायण ने छोटे पर्दे पर अपनी रिकॉर्डतोड़ टीआरपी से कई कीर्तिमान रचे । रामायण में सीता का किरदार अदा करने वाली एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया ने रामायण के फ़िर से प्रसारित होने पर खुशी जताई है । इसी के साथ दीपिका ने ये भी बताया कि बॉलीवुड की रामायण में वे किसे राम-सीता के रूप में देखना चाहेंगी ।

दीपिका चिखलिया रामानंद सागर के रामायण में सीता बनी थी
एक एंटरटेनमेंट पोर्टल को दिए अपने इंटरव्यू में दीपिका ने कहा कि, यदि आज के दौर में बॉलिवुड में रामायण बनती है तो वह राम के किरदार में बॉलीवुड अभिनेता ॠतिक रोशन को और सीता के किरदार में आलिया भट्ट को देखना चाहेंगी । सीता के रूप में आलिया इसलिए क्योंकि सीता का कद छोटा था इस लिहाज से आलिया सीता के रोल में एकदम फ़िट बैठेंगी । इसके अलावा उन्होंने ये भी बताया कि अजय देवगन रावण के किरदार में और वरुण धवन लक्ष्मण के किरदार में खूब जचेंगे ।
यह भी पढ़ें : कोरोना लॉकडाउन के दौर में फ़िर टेलीकास्ट होगा रामानंद सागर का 33 साल पुराना 'रामायण'

बता दें कि, भारतीय टेलीविजन के इतिहास में ऐसे बहुत कम ही टीवी शोज हुए हैं जिन्हें दर्शकों का इतना प्यार मिला है जितना रामायण को मिला था । रामायण में भगवान राम का किरदार अरुण गोविल, सीता का दीपिका चिखलिआ, लक्ष्मण का सुनील लहरी और हनुमानजी का किरदार दारा सिंह और रावण का किरदार अरविंद त्रिवेदी ने निभाया था । लेकिन आज की पीढ़ी को भी 33 साल पुराना रामायण खूब पसंद आ रहा है ।
















