
कल नई दिल्ली में जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में संसद के सदस्यों और मशहूर हस्तियों के बीच एक फुटबॉल चैरिटी मैच आयोजित हुआ । रणबीर कपूर इन सिनेस्टार्स का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और रणबीर की टीम ने सांसदों के खिलाफ़ 10-0 से मैच जीत लिया ।
मैच जीतने के बाद रणबीर कपूर ने ट्रॉफ़ी लिए हुए अपनी पूरी टीम के साथ एक फ़ोटो शेयर किया जिसमें रणबीर के साथ, उनकी टीम के रूप में प्यार का पंचनामा के अभिनेता कार्तिक आर्यन, डीनो मोरिया, टीवी अभिनेता शब्बीर अहलूवालिया, करन वाही, करन मेहरा और कई अन्य शामिल थे । सांसदों की टीम का प्रतिनिधित्व बाबुल सुप्रियो ने किया । चैरिटी फुटबॉल मैच दो कारणों का समर्थन करने के लिए आयोजित किया गया था- एक स्वच्छ भारत अभियान और दूसरा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम ।
रणबीर कपूर इन दिनों करण जौहर की फ़िल्म ए दिल है मुश्किल के लिए शूटिंग कर रहे हैं, यह फ़िल्म अगले साल सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी ।
















