
विशाल, भव्य और दिल को छू लेने वाली फ़िल्म बाहुबली: द कन्क्लूज़न अपनी रिलीज के साथ कई सारे रिकॉर्ड्स बना चुकी जो अब तक किसी भी फ़िल्म ने नहीं बनाए । एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म में लोगों के मिलियन डॉलर सवाल 'कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा' का जवाब तो दिया ही साथ ही कई सारे रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए । आपको बता दें कि बाहुबली: द कन्क्लूज़न अपनी रिलीज के साथ ही भारत से लेकर अमेरिकी बॉक्स ऑफिस तक, कमाई के सारे रिकॉर्ड्स तोड़ रही है । अपनी रिलीज के पहले दिन से लेकर आज तक यह फ़िल्म हर रोज एक नया रिकॉर्ड बना रही है । वो कौन-कौन से रिकॉर्ड्स है आईए हम आपको बताते हैं:-

सबसे पहला रिकॉर्ड है इसका 1000 करोड़ क्लब में शामिल होना । हिंदी समेत दूसरी भारतीय भाषाओं में रिलीज हुई फिल्म बाहुबली: द कन्क्लूज़न ताबड़तोड़ कमाई कर रही है । फिल्म ने रिलीज़ के 9वें दिन ही 1000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया । और इस तरह से यह फ़िल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 1,000 करोड़ रुपए का कारोबार करने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है ।

बाहुबली: द कन्क्लूज़न के लिए दर्शकों की बेकरारी इतनी थी कि दर्शकों ने फर्स्ट डे फर्स्ट शो के लिए एडवांस में ही बुकिंग करा ली थी और इस तरह से फिल्म की एडवांस बुकिंग इतनी ज्यादा हुई कि प्री-बुकिंग के पहलेर के सारे रिकॉर्ड्स धराशाई हो गए । बाहुबली: द कन्क्लूज़न खुमार दर्शकों पर कुछ इस तरह चढ़ा हुआ था कि इस फिल्म को देखने के लिए करीब 36 करोड़ रूपये की एडवांस बुकिंग हुई और सारे रिकॉर्ड टूट गए । इससे पहले ये रिकॉर्ड आमिर खान की फिल्म दंगल के पास था जिसकी 18 करोड़ रूपये की एडवांस बुकिंग हुई थी ।

एस.एस राजमौली के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन घरेलू बॉक्स पर कुल 121 करोड़ की कमाई की । अब तक रिलीज हुई किसी भी फिल्म ने पहले दिन इतनी ज्यादा कमाई नहीं की है । बाहुबली: द कन्क्लूजन से पहले ये रिकॉर्ड इस फिल्म के पहले भाग यानि बाहुबली: द बिगिनिंग के नाम पर था, जिसने पहले दिन 50 करोड़ रुपए की कमाई की थी ।

तेलुगू में बनी ये फिल्म डब करके भारत में तमिल हिंदी और मलयालम में भी रिलीज हुई है । भारत में सभी भाषाओं को मिलाकर इस फिल्म ने दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर 102 करोड़ की कमाई की थी । ये भी अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है । दूसरे दिन किसी भी फिल्म ने इतनी बड़ी कमाई नहीं की है । इस फिल्म ने दोनों दिन 100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया यही वजह है कि फिल्म दो दिनों में ही 200 करोड़ रुपए के क्लब में शामिल हो गई, जो कि एक रिकॉर्ड है ।

तीसरे दिन इस फिल्म ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया । फिल्म समीक्षक तरण आदर्श के मुताबिक ‘बाहुबली-2: द कनक्लूजन’ अमेरिका में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई । सिर्फ तीन दिनों में इस फिल्म ने यूएस बॉक्स ऑफिस पर 65.65 करोड़ रुपए की कमाई की ।
आपको बता दें कि सभी भाषाओं को मिलाकर पहले चार दिनों में इस फिल्म ने 383 करोड़ रुपए की कमाई कर ली ये भी अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है ।
पांच दिनों में इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 440 करोड़ की कमाई की और आमिर खान की फिल्म दंगल की लाइफ टाइम कमाई 387.38 करोड़ से बहुत आगे निकल गई । आपको यहां ये भी बता दें कि इस फिल्म ने पांच दिनों में ही वर्ल्डवाइड 700 करोड़ रुपए की कमाई की है ।
![]()
इस फिल्म ने रिलीज के सातवें दिन हिंदी भाषा में 22.75 करोड़ रुपए की कमाई की थी । इस फिल्म के हिंदी वर्जन ने एक हफ्ते में 247 करोड़ कमाई करके एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया । एक हफ्ते में इतनी कमाई करने वाली ये पहली फिल्म है ।
















