ईद पर रिलीज हुई सलमान खान की फिल्म सिकंदर बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई । हालांकि सिकंदर को लेकर रिलीज से पहले बहुत उम्मीदें लगाई गई थी और इसकी ख़ास वजह भी थी, जैसे- फ़िल्म में सलमान खान जैसे स्टार का होना, इसे ईद पर रिलीज होना, पहली बार सलमान के साथ रश्मिका मंदाना की जोड़ी बनना और सबसे बड़ी बात इसे गजनी जैसी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म के डायरेक्टर ए.आर. मुरुगादॉस द्वारा निर्देशित करना । लेकिन इन सब फैक्ट्स के बावजूद फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर डिज़ास्टर साबित हुई । लेकिन अब फ़िल्म के डायरेक्टर ए.आर. मुरुगादॉस ने सिकंदर के फ्लॉप होने की वजहों पर चुप्पी तोड़ी है और इसका एक कारण सलमान खान का वर्किंग स्टाइल है ।

सलमान खान का वर्किंग स्टाइल बना सिकंदर के फ्लॉप होने का कारण ?
हाल ही में ए.आर. मुरुगादॉस ने Galatta Plus के लिए बरद्वाज रंगन को दिए एक बेबाक इंटरव्यू में सलमान खान के साथ अपना शूटिंग एक्सपीरियंस शेयर किया । ए.आर. मुरुगादॉस ने कहा, “सलमान खान के साथ शूटिंग करना आसान नहीं है । वह आम तौर पर रात 8 बजे के बाद ही सेट पर आते हैं, जिसके कारण हमें ज्यादातर शूटिंग रात में करनी पड़ती है । यह एक चुनौती है, लेकिन सलमान की ऊर्जा और समर्पण देखकर यह सब इसके लायक लगता है । वह सेट पर आते ही पूरी तरह से अपने किरदार में ढल जाते हैं, और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस कमाल की है ।”
मुरुगदॉस ने बताया, “हमें पूरी फिल्म ग्रीन स्क्रीन और VFX के साथ शूट करनी पड़ी। यह समझौता मेरे विज़न के खिलाफ था। एक स्टार के साथ शूट करना आसान नहीं है। यहां तक कि दिन के सीन भी हमें रात में शूट करने पड़े क्योंकि वो रात 8 बजे के बाद ही सेट पर आते थे। हम सुबह से शूटिंग शुरू करने के आदी हैं, लेकिन वहां हालात अलग थे।”
ए.आर. मुरुगादॉस ने अगर कहा कि कई बार स्क्रिप्ट में बच्चों के साथ दिन में फिल्माए जाने वाले सीन थे, जैसे स्कूल से घर लौटना, लेकिन सलमान की टाइमिंग के कारण ये सीन भी रात के 2 बजे शूट करने पड़े । बच्चों के लिए यह समय बेहद थकाऊ और गलत था । मुरुगदास ने बताया कि कई बार तो बच्चे सीन के दौरान ही झपकी लेने लगते थे।
ए.आर. मुरुगादॉस ने यह भी बताया कि सलमान खान का वर्किंग स्टाइल उनके लिए नया नहीं है, क्योंकि वह पहले भी कई बड़े सितारों के साथ काम कर चुके हैं । निर्देशक ने स्पष्ट किया कि सलमान खान जैसे बड़े सितारे के साथ काम करना एक सम्मान की बात है, लेकिन इसके साथ ही बहुत सारी चुनौतियां भी आती हैं। वो बताते हैं कि तकनीकी टीम से लेकर सह-कलाकार तक, सभी को सलमान की टाइमिंग के हिसाब से खुद को ढालना पड़ता था। मुरुगदास ने यह भी स्वीकार किया कि सलमान अपने काम को लेकर बेहद प्रोफेशनल हैं, लेकिन उनकी कार्यशैली पारंपरिक शूटिंग शेड्यूल से काफी अलग है ।
मुरुगदॉस ने सिकंदर की तुलना अपनी ब्लॉकबस्टर गजनी से करते हुए कहा, “मैं गजनी इसलिए कर पाया क्योंकि वह रीमेक थी और मुझे पहले से पूरी कमांड थी। लेकिन सिकंदर ओरिजिनल स्क्रिप्ट थी और मैं उसे सही तरह से एक्सीक्यूट नहीं कर पाया।”
















