सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन का ताजातरीन शो 'इश्क पर ज़ोर नहीं' एक नए जमाने की लव स्टोरी है, जो अहान और इश्की की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है। प्यार और शादी को लेकर दोनों की सोच एक दूसरे से बिल्कुल अलग है । दिल्ली के शहरी इलाके में रहने वाले अहान और इश्की आत्मनिर्भर हैं और हर मामलों में अपनी स्पष्ट राय रखते हैं ।

इस शो में इश्की का लीड रोल निभा रहीं एक्ट्रेस अक्षिता मुद्गल मूलतः आगरा से हैं, लेकिन उनकी ज्यादातर परवरिश दिल्ली में हुई है । ऐसे में स्वाभाविक तौर पर वो दिल्ली की लड़कियों के पहनावे से भलीभांति वाकिफ हैं। अक्षिता अपने किरदार इश्की से काफी मिलती-जुलती हैं, इसलिए इसे विश्वसनीय लुक देने के लिए उन्हें अपने निजी अनुभव अपनाने का मौका मिला। अक्षिता जानती हैं कि किसी भी प्रोडक्शन में किरदार को उभारने के लिए कॉस्टयूम डिजाइनिंग कितनी जरूरी होती है। ऐसे में कलाकार भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बनना पसंद करते हैं ।
इस बारे में बताते हुए अक्षिता मुद्गल कहती हैं, “जो भी मुझे थोड़ा बहुत जानते हैं, उन्हें पता है कि मैं फैशन और स्टाइलिंग में बहुत दिलचस्पी रखती हूं । हालांकि मैं यह मानती हूं कि क्लासिक्स के साथ आप कभी गलत नहीं हो सकते । मेरा पसंदीदा आउटफिट है लखनवी चिकनकारी कुर्तियों के साथ डेनिम और गठीली सिल्वर ज्वेलरी! ऐसे में आप उस वक्त मेरी खुशी का अंदाजा लगा सकते हैं, जब मुझे पता चला कि इस शो में मेरा किरदार इश्की भी दिल्ली की एक लड़की है! इसलिए मैंने भी आगे बढ़कर अपने किरदार की स्टाइलिंग के लिए कुछ इनपुट्स दिए! मैं जानती थी कि इस किरदार को एक फैशनेबल लुक देने की जरूरत है, क्योंकि उसे इंडो-वेस्टर्न पहनावा पसंद है। मैं उम्मीद करती हूं कि दर्शकों को पर्दे पर इश्की का लुक और व्यक्तित्व पसंद आएगा ।”
















