अक्षय कुमार जल्द ही साल 2012 की हिट फ़िल्म, ओह माय गॉड की सफलता के 11 साल बाद रिलीज़ हो रही ओह माय गॉड 2 यानि OMG 2 में एक बार फिर भगवान के किरदार में नज़र आएंगे । ओह माय गॉड में जहां अक्षय भगवान कृष्ण के किरदार में नजर आए थे वहीं ओह माय गॉड 2 में वह भगवान शिव के किरदार में अपने भक्त की समस्याओं का हल करते हुए दिखाई देंगे । 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही फ़िल्म से अक्षय ने एक बार फिर अपने एक अलग लुक को शेयर कर फ़ैंस का उत्साह बढ़ा दिया है ।

11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी अक्षय कुमार की OMG 2
अक्षय ने OMG 2 का नया पोस्टर रिलीज किया है जिसमें वह एक्टर लंबी जटाओं, गले में भस्म और रुद्राक्ष की माला पहने एकदम 'शिव' अवतार में नजर आ रहे हैं । अक्षय ने इंस्टाग्राम पर OMG 2 से अपना नया लुक पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “बस कुछ दिनों में... 11 अगस्त को थिएटर में ओएमजी... जल्द जारी होगा टीजर ।”
इसके अलावा अक्षय ने अपने साथ-साथ फ़िल्म में लीड रोल निभाने वाले पंकज त्रिपाठी का भी फ़र्स्ट लुक पोस्टर शेयर किया है । ओह माय गॉड 2 में अक्षय और पंकज त्रिपाठी के अलावा यामी गौतम, अरुण गोविल और आमिर नाइक भी अहम भूमिका निभाते हुए नजर आएंगी । OMG ओह माई गॉड 2 की कहानी को लेकर बॉलीवुड हंगामा को पता चला था कि, इस बार फ़िल्म की कहानी यौन शिक्षा के इर्द-गिर्द घूमती है ।
11 अगस्त को बॉक्स ऑफ़िस पर अक्षय की OMG 2 का मुक़ाबला सनी देओल और अमीषा पटेल की फ़िल्म गदर 2 से होने वाला है ।
















