बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अक्सर अपनी कनाडा की नागरिकता को लेकर लोगों के निशाने पर आते हैं । अपनी फ़िल्मों के जरिए देशभक्ति के संदेश देने से लेकर रियल लाइफ़ में भी देशहित के लिए काम करने वाले अक्षय कुमार के पास भारत की नहीं कनाड़ा का पासपोर्ट है । कई बार उन्हें सोशल मीडिया पर उनकी नागरिकता को लेकर भी काफी ट्रोल किया जाता है । लंबे समय से इस तरह की आलोचना झेलने के बाद फ़ाइनली अक्षय कुमार ने अपनी कनाडाई नागरिकता छोड़ने का फैसला कर लिया है और भारत की नागरिकता लेने का फ़ैसला किया है । अक्षय ने बताया कि, एक समय पर उनकी 15 से ज्यादा फिल्में फ्लॉप हो गई थीं, यही वो वजह थी जिसकी वजह से उन्हें काम के सिलसिले में कनाडा की नागरिकता लेनी पड़ी ।

अक्षय कुमार ले रहे हैं भारत की नागरिकता
हाल ही में आज तक पर सीधी बात के नए सीजन के पहले एपिसोड में सुधीर चौधरी के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अक्षय ने अपनी कनाडा की नागरिकता के बारें में खुलकर बात की साथ ही ये भी बताया की वो अब भारत की नागरिकता ले रहे हैं और इसके लिए वो अप्लाई भी कर चुके हैं । इंटरव्यू के दौरान अक्षय ने अपनी कनाड़ा की नागरिकता पर कहा,
“जैसा कि मैंने आपको बताया था कि, मेरी 16-17 फ़िल्में नहीं चली इसलिए मैंने सोचा की मैं भी काम करने के लिए देश से बाहर चला जाऊँ जैसा कि हर आदमी सोचता है की वो काम करने बाहर जाए । ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दुबई या और कहीं, कोई न कोई कहीं न कहीं गया ज़रूर है काम के लिए । मैंने भी सोचा की मेरी फ़िल्में नहीं चल रही तो मैं भी देश से बाहर चला जाऊँ क्योंकि आदमी को काम तो करना पड़ेगा । मेरे एक दोस्त ने मुझे कनाडा आकर काम करने के लिए कहा क्योंकि वो वहाँ रहता था । मैंने वहाँ अप्लाई किया और मुझे मिल गया फिर मैंने वहाँ काम करना शुरू किया। मेरी बस दो फ़िल्में रिलीज़ होने से रह गई थी और इत्तेफ़ाक की बात है की वो चल गई । वो दोनों फ़िल्में सुपरहिट हो गई । ये देखकर मैं कनाडा में सेटल होने से रुक गया । उसके बाद मुझे दो-चार फ़िल्में और मिल गई फिर उसके बाद और ऐसे ही मिलती गई । इसके बाद मैं भूल गया की मेरे पास कनाडा का पासपोर्ट है मैंने कभी सोचा ही नहीं की मैं इस पासपोर्ट को चेंज करूँ । लेकिन अब मैंने पासपोर्ट बदलवाने के लिए एप्लाई किया है और मैं उसे भारत के पासपोर्ट में चेंज करवा रहा हूँ ।”
फिर जब अक्षय से आगे पूछा गया की, तो क्या अब आप कनाडा की नागरिकता छोड़ कर वापस से भारत की नागरिकता लेना चाहते हैं ? इस पर अक्षय ने कहा, “जी बिलकुल, मेरे लिए भारत ही सब कुछ है । मैंने जो कुछ भी कमाया है, हासिल किया है वो यहीं किया है । मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे देश के लिए कुछ करने का मौका मिला ।”
बॉक्स ऑफ़िस पर बैक-टू-बैक हिट फ़िल्में दे चुके बॉलीवुड अभिनेता अक्षय के लिए बीता साल फ़िल्मों के लिहाज़ से अच्छा साबित नहीं । अतरंगी रे, बच्चन पांडे, सम्राट पृथ्वीराज, रक्षा बंधन और राम सेतु बॉक्स ऑफ़िस पर उम्मीद के मुताबिक़ प्रदर्शन नहीं कर पाई । और अब अक्षय एक नए सिरे नए साल की शुरुआत कर रहे हैं । साल २०२३ में रिलीज़ होने वाली उनकी पहली फ़िल्म है सेल्फी जिसमें वह इमरान हाशमी के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नज़र आएंगे । राज मेहता ने निर्देशन में बनी यह फिल्म 24 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी ।
















