भारतीय सिनेमा की बेहद खूबसूरत और प्रतिभाशाली अभिनेत्री में से एक ऐश्वर्या राय बच्चन इन दिनों अपनी आगामी पैन इंडिया फ़िल्म पोन्नियिन सेल्वन 2 के प्रमोशन में बिजी हैं । मणिरत्नम की फिल्म पोन्नियन सेल्वन के दूसरे पार्ट पोन्नियिन सेल्वन 2 यानि PS 2 के प्रमोशन के दौरान ऐश्वर्या राय बच्चन ने संजय लीला भंसाली की हम दिल दे चुके सनम और मणिरत्नम की पोन्नियन सेल्वन के बीच एक कॉमन कनेक्शन का खुलासा किया ।

ऐश्वर्या राय बच्चन का हम दिल दे चुके सनम और मणिरत्नम की पोन्नियन सेल्वन के बीच एक कॉमन कनेक्शन ; “ये एक ख़ूबसूरत संयोग है”

ऐश्वर्या राय बच्चन के क़रीब है नंदिनी किरदार

मणिरत्नम की फिल्म पोन्नियिन सेल्वन 2 में ऐश्वर्या नंदिनी नाम का किरदार अदा कर रही हैं । इससे पहले ऐश ने सलमान खान स्टारर संजय लीला भंसाली की सुपरहिट फ़िल्म हम दिल दे चुके सनम में नंदिनी नाम का किरदार निभाया था जिसे लोगों ने काफ़ी पसंद किया था । पोन्नियिन सेल्वन 2 के प्रमोशन के दौरान ऐश्वर्या ने नंदिनी नाम के किरदार पर खुलकर बात की और बताया की ये एक ख़ूबसूरत संयोग है । ऐश ने कहा, “'ये क्या संयोग है न... यहां तक कि हम दिल दे चुके सनम की नंदिनी भी बहुत यादगार थीं । वो आज भी लोगों के दिल में रहती है । उसे मिलते प्यार को देखकर खुशी होती है । मैं शुक्रगुजार हूं कि मुझे ऐसा किरदार निभाने का मौका मिला था । वह फैंस के लिए हमेशा से खास बनी रहेगी । मुझे संजय लीला भंसाली के साथ काम करने का मौका मिला था ।”    

ऐश ने आगे कहा, “वहीं अब मणिरत्नम सर के साथ मुझे पोन्नियन सेलवन में नंदिनी जैसा किरदार निभाने का मौका मिला है । यह ऊपरवाले की दुआ है कि मुझे दोनों किरदारों के रूप में  मजबूत महिला को निभाने का अवसर मिला, जिससे कई महिलाओं ने खुद को रिलेट किया है । सच में इन दोनों डायरेक्टर्स की आभारी हूं ।

इसके अलावा ऐश ने पोन्नियिन सेल्वन में नंदिनी चुने जाने पर कहा, “जब मणि गुरू ने मुझे फिल्म सुनाई और कहा कि तुम नंदिनी का किरदार निभाओगी, तो मुझे लगा कि ओह माय गॉड, क्या वाकई । मैं काफी आभारी हूं जो मुझे उनकी नंदिनी का किरदार अदा करने का सुनहरा मौका मिला । एक एक्ट्रेस के रूप में मेरे लिए ये बेहद शानदार, जादुई, यादगार और व्यक्तिगत रूप से किसी खजाने वाली फिल्म का हिस्सा बनने के समान है ।