साल 1994 में आई आमिर खान और सलमान खान की कॉमेडी ड्रामा फ़िल्म अंदाज़ अपना अपना भारतीय सिनेमा की कल्ट क्लासिक फिल्मों में से एक है । ये फ़िल्म अपनी स्टारकास्ट से लेकर कहानी, निर्देशन, गानों और आमिर खान और सलमान खान की जबरदस्त केमिस्ट्री के कारण आज भी यादगार है । लेकिन जितनी दिलचस्प ये फ़िल्म है उतना ही मुश्किल इसे शूट करना था, और इसका खुलासा ख़ुद आमिर खान ने हाल ही में किया है । हाल ही में इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2025 में शामिल हुए आमिर खान ने अंदाज़ अपना अपना की शूटिंग से जुड़ा एक अनसुना किस्सा शेयर किया जिसमें उन्होंने बताया कि अंदाज़ अपना अपना बनने के दौरान रवीना और करिश्मा की लड़ाई चल रही थी ।

रवीना टंडन और करिश्मा कपूर के झगड़े के कारण अंदाज अपना अपना को बनाना हुआ था मुश्किल ; आमिर खान ने 31 साल बाद खोला राज- “रवीना आती तो करिश्मा चली जाती, करिश्मा आती तो रवीना चली जाती थी”

अंदाज़ अपना अपना को होम एंटरटेनमेंट की नंबर 1 फिल्म मानते हैं आमिर खान

अंदाज अपना अपना भले ही आज सबसे ज़्यादा पसंद की जाने वाली फ़िल्म में से एक हो लेकिन उस दौर में यह फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई थी । हालांकि यह फ़िल्म बहुत अच्छी थी लेकिन इसे बनाने में मुश्किलें भी बहुत आई जिसका जिक्र करते हुए आमिर ने कहा, “अंदाज अपना अपना बहुत लवली पिक्चर थी । उसे बनाते हुए बहुत अच्छा लगा । तब कोई टाइम पर नहीं आता था । मैं ही टाइम पर आता था बस । रवीना और रवीना और करिश्मा की अनबन चल रही थी । रवीना आती तो करिश्मा चली जाती । करिश्मा आती तो रवीना चली जाती थी । और मैं सोचता था कि ये पिक्चर कैसे बनेगी ? लेकिन वो फिल्म मुझे पसंद थी । मैं और सलमान उस वक्त अपने करियर की पीक पर थे फिर भी वो फिल्म नहीं चली । वो कहते हैं न किसी ने पानी तक नहीं मांगा । वो हफ्तेभर ही सिनेमाघरों में लगी हुई थी । मैं विश्वास करता हूं कि होम एंटरटेनमेंट में ये नंबर 1 फिल्म है ।”

बता दें कि 14 मार्च को आमिर खान 60 साल के होने वाले हैं । ऐसे में भारत की सबसे बड़ी और प्रीमियम सिनेमा एग्जीबिशन कंपनी PVR आईनॉक्स ने आमिर खान के 60वें जन्मदिन के खास मौके पर ‘आमिर खान: सिनेमा का जादूगर’ नाम से एक स्पेशल फिल्म फेस्टिवल अनाउंस किया है। आमिर खान, जो अपनी दमदार परफॉर्मेंस और अलग तरह की फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने भारतीय सिनेमा को एक नई ऊंचाई दी है। उनकी फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया, बल्कि समाज को भी गहराई से प्रभावित किया। इसी योगदान को सेलिब्रेट करने के लिए ये खास फेस्टिवल रखा गया है, जिसमें उनके बेहतरीन सिनेमाई सफर को बड़े पर्दे पर फिर से देखने का मौका मिलेगा।