सुपरस्टार आमिर खान, का उनके काम के प्रति डेडिकेशन किसी से छुपा हुआ नहीं है । बॉक्सऑफ़िस पर एक के बाद एक हिट फ़िल्म देकर आमिर खान ने साबित कर दिया कि उन्हें मिस्टर परफ़ेक्शनिस्ट क्यों कहा जाता है । लेकिन अब एक बुरी खबर आ रही है कि 52 वर्षीय आमिर खान और उनकी पत्नी किरण राव को स्वाइन फ़्लू हुआ है अब एक हफ़्ते तक वह अपने घर पर ही रहेंगे । खबरों के अनुसार, पिछले हफ़्ते दोनों को तेज बुखार आया था जिसके बाद जांच में पता चला कि उन्हें स्वाइन फ़्लू हुआ है । पता चलने से पहले, आमिर और उनकी पत्नी किरण ने बीते बुधवार को अपने प्रोडक्शन की फ़िल्म सीक्रेट सुपरस्टार के ट्रेलर को लॉंच किया और मीडिया के सवालों का जवाब दिया । इस फ़िल्म में आमिर खान सपोर्टिंग रोल में नजर आएंगे ।

आमिर खान को पुणे में पानी फाउंडेशन के सत्यमेव जयते वॉटर कप 2017 के प्रतियोगिता की प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन में जाना था, लेकिन वे वहां भी नहीं पहुंच सके । मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस कार्यक्रम का अहम हिस्सा थे । इनके अलावा इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई नीता अंबानी, सिद्धार्थ राय कपूर, आशुतोष गोवारिकर, राकेश ओमप्रकाश मेहरा, राम माधवानी और नागराज मान जुले ने ।

स्वाइन फ़्लू से पीड़ित होने के चलते, घर पर ही अपना इलाज करा रहे आमिर खान और किरण राव ने वीडियो कॉंफ़्रेसिंग के जरिए इस खबर की सूचना दी और कहा, "आज एक खुशी का दिन है, लेकिन हम बहुत दुखी हैं । क्योंकि सालभर की कठिन मेहनत के बाद जब आप सबके साथ जश्न मनाने का समय आया तो हम बीमार हैं । जिस बीमारी से हम पीड़ित हैं, वह तेजी से फैलती है । इसका नाम एच1एन1 या स्वाइन फ्लू है । स्वाइन फ्लू के साथ समस्या यह है कि यदि मैं कहीं जाता हूं तो मुझसे यह बीमारी किसी और को भी फैल सकती है, इसलिए हम घर पर आराम करने के लिए मजबूर हैं । इस कारण हम आप सबके साथ वहां नहीं हो सकते और हमें इसका बहुत दुख है ।"

बीमारी के चलते भले ही आमिर खान इस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बन पाएं हो लेकिन उनकी जगह यहां शाहरुख खान ने ली । और शाहरुख को इस कार्यक्रम में आने के लिए आमिर ने ही अनुरोध किया था । शाहरुख खान ने खुशी-खुशी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए हामी भर दी और आमिर को धन्यवाद देते हुए कहा, “Thx @aamir_khan & Kiran for giving me the honour to stand in for u. @dev_fadnavis ur concern for farmers is touching.”

आमिर खान और किरण राव पहले बॉलीवुड सेलिब्रिटी नहीं है जिसे स्वाइन फ़्लू हुआ हो । साल 2015 में सोनम कपूर को भी स्वाइन फ़्लू हुआ था जब वह गुजरात में सूरज बड़जात्या की सलमान खान अभिनीत फ़िल्म प्रेम रतन धन पाओ की शूटिंग कर रही थी । इसी दौरान, निर्माता विधु विनोद चोपड़ा और उनकी अनुपमा चोपड़ा को भी स्वाइन फ़्लू हो गया था । साल 2015 में भूषण कुमार की पत्नी दिव्या खोंसला कुमार और उनके बेटे रुहान को भी स्वाइन फ़्लू हुआ था ।