आज दिल्ली में 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा हुई जिसमें अंधाधुन, पद्मावत, बधाई हो, उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक का बोलबाला रहा । 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में साल 2018 में सिनेमा की सर्वश्रेष्ठ विभिन्न कैटेगरी को चुना गया । इस दौरान संजय लीला भंसाली की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म पद्मावत को तीन अलग-अलग कैटेगरी में तीन नेशनल अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया । संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी पद्मावत इस बार अवॉर्ड फ़ंक्शन में छाई रही । गौरतलब है कि बीते साल की सबसे विवादित फ़िल्म पद्मावत को भले ही कितने विवादों का सामना करना पड़ा हो लेकिन इस बार के नेशनल अवॉर्ड्स में इस फ़िल्म ने अपने नाम तीन अवॉर्ड्स किए ।

बेस्ट कोरियोग्राफी- 'घूमर'
पद्मावत के सबसे मशहूर गाने 'घूमर' को बेस्ट कोरियोग्राफी का अवॉर्ड मिला है । इस गाने को कृति महेश ने कोरियोग्राफ किया था । ये गाना फिल्म की रिलीज से पहले ही विवादों में आ गया था । फिल्म की रिलीज को भी सेंसर ने तभी मंजूरी दी जब इस गाने में बदलाव किया गया. इसमें महारानी का किरदार निभा रही अभिनेत्री दीपिका की कमर को कपड़ों से कवर करना पड़ा था जिसे लेकर काफी विवाद हुआ । गाने को देश भर में खूब पसंद किया गया ।
बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर- संजय लीला भंसाली
साल 2018 में बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन का अवॉर्ड भी संजय लीला भंसाली को मिला । पद्मावत के म्यूजिक ने सभी का दिल जीता । फिल्म की म्यूजिक एल्बम टी-सीरीज़ द्वारा रिलीज़ की गई है जिसमें छह गाने शामिल हैं । सभी गाने बेहद शानदार है और दर्शकों के बीच काफ़ी पॉपुलर रहे ।
बेस्ट प्लेबैक सिंगर: अरिजीत सिंह- 'बिनते दिल'
फिल्म को तीसरा नेशनल अवॉर्ड बेस्ट प्लेबैक सिंगर के लिए अरिजीत सिंह को दिया गया है । 'बिनते दिल' गाना फिल्म के सबसे हिट गानों में से है । रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस और अरिजीत सिंह की आवाज ने दर्शकों के दिलों पर कब्जा कर लिया है ।
पद्मावत की बात करें तो, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर के शानदार अभिनय से सजी पद्मावत को अपनी रिलीज से पहले कई तरह के विवादों का सामना करना पड़ा था । करणी सेना और कुछ संगठनों ने फिल्म का लंबा विरोध किया था जिसके बाद फिल्म को नए टाइटल के साथ रिलीज किया गया था ।
26 जनवरी, 2018 को रिलीज हुई पद्मावत के सपोर्ट में पूरी फ़िल्म इंडस्ट्री एक साथ आ गई थी । संजय लीला भंसाली द्दारा निर्देशित पद्मावत में हर किसी किरदार ने अपनी शानदार अदायगी से सभी का दिल जीता लेकिन सबसे ज्यादा दिल जीता रणवीर सिंह ने, जो फ़िल्म में अलाउद्दीन खिलजी के रूप में नजर आए थे । इसके अलावा रानी पद्मनी बनी दीपिका पादुकोण का अंदाज भी हर किसी को खूब भाया ।
आपको बता दें कि, संजय लीला भंसाली को इससे पहले अपनी फ़िल्में देवदास, ब्लैक और बाजीराव मस्तानी के लिए भी बेस्ट डायरेक्टर के नेशनल अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है ।
















