बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने 2, नवंबर को अपना 53वां जन्मदिन मनाया और इसी खास दिन को उनकी बहुप्रतिक्षित फ़िल्म जीरो का ट्रेलर रिलीज किया गया । इस साल की सबसे बहुप्रतिक्षित फ़िल्म मानी जाने वाली फ़िल्म जीरो के ट्रेलर को मुंबई के आईमैक्स थिएटर में लॉंच किया गया । बता दें कि जीरो एक ऐसे आदमी, बऊआ सिंह की कहानी है जो शारीरिक रूप से बौना है, लेकिन वो इसे कमजोरी नहीं अपनी ताकत बनाता है । शाहरुख खान इस फ़िल्म के लिए साथ पहली बार बौने का किरदार निभा रहे है । जहां जीरो के ट्रेलर को हर जगह सराहा गया वहीं सिख समुदाय इससे नाराज हो गया है जिसकी वजह से फ़िल्म के लिए मुश्किल खड़ी हो गई है ।

जीरो : 'बऊआ सिंह' शाहरुख खान से नाराज हुआ सिख समुदाय

सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई शाहरुख खान की जीरो से

5, नवंबर को दिल्ली अकाली दल के विधायक मंजिंदर सिंह सिरसा ने शाहरुख और फ़िल्म के निर्देशक आनंद एल राय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है । विधायक ने फिल्म जीरो पर सिखों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है । उनके मुताबिक, जीरो के एक पोस्टर में किंग खान ने कृपाण ले रखी है । इस पोस्टर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी और दूसरे सिख संगठनों को आपत्ति है ।

पुलिस में शिकायत दर्ज

सिख समुदाय ने कहा है कि शाहरुख नंगे बदन पर नोटों का हार पहने और गले में गातरा (कृपाण) पहने हुए हैं । कृपाण पांच ककारों में से एक है, जिसे पोस्‍टर में मजाकिया अंदाज में दिखाया गया है । डीएसजीपीसी के धर्म प्रचार कमिटी के चेयरमेन परमजीत सिंह राणा ने पत्र जारी कर नाराजगी जताई है । उधर, नार्थ एवेन्यू पुलिस स्टेशन में विधायक सिरसा ने शिकायत दर्ज करवाई है । उन्‍होंने अपनी शिकायत में कहा है कि पोस्‍टर से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है ।

गौरतलब है कि, सिखों में सिर्फ अमृतधारी व्यक्ति ही कृपाण धारण कर सकता है । कृपाण सिखों का धार्मिक चिह्न है । यह केवल दिखाने मात्र के लिए नहीं है, बल्कि इनके साथ मानवीय भावनाएं और संकल्प भी जुड़े हुए हैं ।

यह भी पढ़ें : ZERO: शाहरुख खान के लिए अनुष्का शर्मा का किरदार तुरुप का पत्ता है, जिसे अभी तक छुपाकर रखा था

बता दें कि शाहरुख अभिनीत इस फ़िल्म में अनुष्का शर्मा और कैटरीना कैफ़ भी अहम भूमिका निभाती हुई नजर आएंगी । यह फ़िल्म 21 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।