वरुण धवन और श्रद्धा कपूर की जोड़ी एक बार फ़िर कॉरियोग्राफ़र से फ़िल्ममेकर बने रेमो डिसूजा की डांस बेस्ड फ़िल्म स्ट्रीट डांसर में नजर आएगी । इससे पहले वरुण धवन और श्रद्धा कपूर की जोड़ी रेमो डिसूजा की हिट फ़्रैंचाइजी एबीसीडी 2 में नजर आई थी । हाल ही में जब फ़िल्म का नाम और पोस्टर्स रिलीज किए गए जिसके बाद सभी को लगा कि स्ट्रीट डांसर रेमो डिसूजा की हिट फ़िल्म एबीसीडी 2 का ही सीक्वल है । क्योंकि इस फ़िल्म में भी वरुण धवन और श्रद्धा कपूर नजर आएंगे इसलिए लोगों को लगा कि यह एबीसीडी 2 का सीक्वल है लेकिन अब रेमो डिसूजा ने इस कन्फ़्यूजन को दूर कर दिया है ।

रेमो डिसूजा की स्ट्रीट डांसर और एबीसीडी सीरिज का विषय काफ़ी अलग है
और अब फ़िल्म के निर्देशक रेमो सामने आए और साफ़ किया कि उनकी आगामी फ़िल्म स्ट्रीट ड्रांसर, उनकी हिट फ़िल्म एबीसीडी 2 का सीक्वल नहीं है । भले ही स्ट्रीट डांसर एबीसीडी 2 की कास्ट रीपिट हुई है और यह भी एक डांस फ़िल्म है लेकिन इसका ये मतलब नहीं है कि यह एबीसीडी 2 का सीक्वल है । रेमो ने आगे मीडिया को बताया कि एबीसीडी सीरिज से स्ट्रीट ड्रांसर का सबजेक्ट ही बिल्कुल अलग है । इसमें स्ट्रीट डांसर की जिंदगी और उनके संघर्षों को दर्शाया जाएगा, जैसा कि इसका नाम है । इस फ़िल्म में अलग-अलग शैली के डांस को दर्शाया जाएगा । और इसके लिए लीड कलाकार को डांस की कड़ी प्रैक्टिस करनी होगी । इस फ़िल्म की शूटिंग शुरूआत में पंजाब में होगी इसके बाद इसे लंदन में फ़िल्माया जाएगा । मेकर्स के मुताबिक, फ़िल्म के मेजर डांस पोर्शन लंदन में ही फ़िल्माए जाएंगे ।
यह भी देखें : यहां देखिए, फ़िल्म स्ट्रीट डांसर का मोशन पोस्टर
बता दें कि श्रद्धा से पहले इस फ़िल्म में वरुण के अपोजिट कैटरीना को कास्ट किया गया था लेकिन डेट इश्यू के चलते कैटरीना ने इस फ़िल्म को छोड़ दिया । कैटरीना इन दिनों सलमान खान के साथ भारत फ़िल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं । कैटरीना के छोड़ने के बाद श्रद्धा को साइन किया गया । श्रद्धा ने बिना समय गंवाए इस फ़िल्म को करने के लिए हामी भर दी । इन दि्नों इस फ़िल्म की शूटिंग पंजाब में चल रही है । कलंक की शूटिंग खत्म करने के बाद वरुण ने तुरंत इस फ़िल्म की शूटिंग शुरू कर दी । क्योंकि यह डांस बेस्ड फ़िल्म है इसलिए शूटिंग शुरू करने से पहले श्रद्धा और वरुण ने मुंबई के डांस स्टूडियो में डांस की प्रैक्टिस की थी ।
















