
सरल और रहस्य से भरी, टाइगर श्रॉफ़ की फ़िल्में अक्सर डांस और एक्शन सीन से भरी हुई होती हैं । हालांकि टाइगर फ़िल्म जगत में खुद के पैर जमाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं । भले ही टाइगर ने कुछ ही फ़िल्में की हैं लेकिन फ़िर भी बच्चों के बीच वे खासे लोकप्रिय हैं । बच्चों में लोकप्रिय होने के चलते टाइगर श्रॉफ़ को अब बच्चों के चैनल का ब्रांड ऐम्बेसडर बनाया गया है । बच्चों के लोकप्रिय अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ को सोनी एंटरटेनमेंट चैनल के नए किड्स चैनल 'ये' को प्रमोट करने के लिए चुना गया है ।
इस बात की घोषणा करते हुए सोनी पिक्चर नेटवर्क किड्स की बिजनस हेड लीना दत्ता ने कहा कि "बच्चे आसानी से टाइगर श्रॉफ से कनेक्ट करते हैं और उन्हें अपना आइकन मानते हैं । हमें टाइगर श्रॉफ से बेहतर ऑप्शन चैनल के लिए नहीं मिल सकता था ।"
हालांकि इस बारें में ज्यादा जानकारी का खुलासा नहीं करते हुए टाइगर श्रॉफ ने इंस्टाग्राम पर बच्चों के साथ अपनी तस्वीर भी शेयर की जिसमें उनका चेहरा नजर नहीं आ रहा है । इसमें टाइगर दो बच्चों को अपने कंधों पर उठाए हुए कैमरे की तरफ़ पीठ करे हुए नजर आ रहे हैं । इस फ़ोटो को पोस्ट करते हुए टाइगर ने लिखा कि, , “Something very exciting #ComingSoon #StayTuned.”
कथित तौर पर, टाइगर श्रॉफ़ ने इस चैनल के थीम सॉन्ग और प्रमोशनल वीडियो को शूट भी कर लिया है । इसको उनके 'बेफ़िक्रा' म्यूजिक वीडियो फ़ेम परेश ने कॉरियोग्राफ़ किया । इस शूट के दौरान हमने सुना कि टाइगर बच्चों के साथ काफ़ी घुलमिल गए थे ।
फ़िल्मों की बात करें तो, टाइगर श्रॉफ़ इन दिनों अपनी आगामी डांस ड्रामा फ़िल्म मुन्ना माइकल की तैयरियों में जुटे हुए हैं । इसके बाद वह करण जौहर की फ़िल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर 2 और अहमद खान की बागी 2 में काम करेंगे ।
















