बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता, जो साल 2000 के दशक में आई फ़िल्मों में अपने ग्लैमरस रोल के लिए जानी जाती थी, एक बार फ़िर सुर्खियों में आ गई है । ब्यूटी क्वीन रह चुकी "आशिक बनाया आपने गर्ल' तनुश्री दत्ता ने कई फ़िल्मों में आइटम गर्ल बनकर भी सुर्खियां बटोरी थी । लेकिन साल 2008 में फ़िल्म हॉर्न ओके प्लीज के दौरान उनके साथ कुछ ऐसा हुआ कि उन्होंने फ़िल्म इंडस्ट्री छोड़ने का फ़ैसला किया और इसके बाद वह अमेरिका शिफ़्ट हो गई । लेकिन अब तनुश्री दत्ता कई हैरत अंगेज खुलासों के साथ सामने आई हैं जिसने सभी को चौंका दिया है ।

तनुश्री दत्ता के साथ नाना पाटेकर ने की थी बदतमीजी
सबसे पहले आपको बता दें कि, पिछले साल हॉलीवुड से शुरू हुए #MeToo कैंपेन के अंतर्गत कई महिलाओं ने अपने साथ हुई ज्यादतियों को दुनिया के सामने रखा और और बॉलीवुड भी इससे अछूता नहीं रहा । #MeToo कैंपेन से प्रेरित होकर तनुश्री ने अपने साथ हुई ज्यादतियों को दुनिया के सामने रखा और फ़िल्म इंडस्ट्री के बड़े-बड़े कलाकारों को बेनकाब किया । और उसमें एक चौंकाने वाला नाम सामने आया है नाना पाटेकर का । इसी के साथ तनु ने नाना जैसे कलाकार के साथ काम करने लिए अक्षय कुमार और रजनीकांत जैसे बड़े सितारों को भी दोषी ठहराया ।
यौन उत्पीडन का शिकार हुईं तनुश्री को इस वजह से फ़िल्म इंडस्ट्री छोड़नी पड़ी और अमेरिका में सेट्ल होना पड़ा । लेकिन अब #MeToo कैंपेन से प्रेरित होकर तनुश्री ने खुलकर अपना पक्ष रखा और बताया कि, ''2008 में फिल्म हॉर्न ओके प्लीज की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने मेरे साथ बदतमीजी की थी । वह मेरे साथ इंटीमेट सीन करना चाहते थे । उन्होंने मेरा हाथ पकड़ा और मुझे धक्का दिया । जबकि वो उस गाने का हिस्सा भी नहीं थे, लेकिन फ़िर भी मेरे साथ इंटीमेट होना चाहते थे । लेकिन मैने किसी तरह उनसे खुद को बचा लिया । लेकिन इसके बाद उन्होंने गुस्से में कुछ राजनीतिक दलों के लोगों को बुलाकर मेरी कार तुड़वा दी ।
तनुश्री ने कास्टिंग काउच के बारें में भी खुलकर बोला
तनुश्री ने आगे कहा कि नाना केवल अपनी छवि को साफ़ करने के लिए परोपकार कार्य करते हैं क्योंकि हर कोई जानता है कि वह अंदर से कैसे है । इसी के साथ तनुश्री ने कास्टिंग काउच के बारें में भी बात करते हुए कहा कि इंडस्ट्री में वो ही अभिनेत्री अच्छे अभिनेता के साथ काम पाती है जो उसे सैक्सुअल फ़ेवर करे । उन्होंने कहा ये मानसिकता आज भी नहीं बदली ।
यह भी पढ़ें : मराठी फ़िल्म के लिए अजय देवगन-नाना पाटेकर आए साथ
अब देखना ये है कि, नाना पाटेकर अपने ऊपर लगे इन आरोपों का कैसे जवाब देते हैं । ये जानने के लिए जुड़े रहें बॉलीवुड हंगामा से ।
















