908291375

टाइगर श्रॉफ़ और जैकलीन फ़र्नांडीस अभिनीत सुपरहीरो फ़िल्म ए फ़्लाइंग जट्ट बहुत जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है लेकिन फ़िल्म की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है । जहां एक तरफ़ फ़िल्म के निर्माता रेमो डिसूजा अपनी फ़िल्म ए फ़्लाइंग जट्ट में से किसी भी प्रकार की कांट-छांट करने को तैयार नहीं है वहीं दूसरी तरफ़ सिख समुदाय अपनी बात पर अडिग रहते हुए लगातार फ़िल्म में इस्तेमाल हुए उनके धार्मिक प्रतीकों को हटाने की बात कह रहा है । इसलिए रेमो की टीम ने फ़िर से फ़िल्म को पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में डाल दिया है जहां फ़िल्म की फ़िर से एडिटिंग की जा रही है और उसके बाद फ़िल्म रिलीज की जाएगी ।

करीबी सूत्रों के मुताबिक, यद्यपि सेंसर बोर्ड ने बिना किसी कटौती के फ़िल्म को रिलीज करने का प्रमाण पत्र पारित कर दिया है , लेकिन फ़िर भी फ़िल्म के मेकर्स, सिख, जाट समुदाय और धार्मिक संगठनों द्दारा फ़िल्म के कुछ सीन को लेकर जताई आपत्ति को मद्देनजर रखते हुए ,  फ़िल्म को लेकर किसी भी प्रकार का कोई चांस नहीं लेना चाहते । और इसलिए वे फूँक फूँक कर चलने में ही समझदारी समझते हैं ।

इसके पहले, साजिद नाडियाडवाला की फ़िल्म ढिशूम के एक गाने को लेकर सिख समुदाय ने आपत्ती जताई थी । इस गाने में जैकलीन फ़र्नांडिस ने एक छोटी सफ़ेद ड्रेस पहनी हुई थी जिसमें  एक कृपाण बंधा हुआ था । जिससे सिख समुदाय भड़क गया । और फ़िल्म से उस सीन को हटाने के लिए कहा गया, उनके मुताबिक, गाने में कृपाण को अनुचित ढंग से चित्रित करना उनके धार्मिक प्रतीकों का अपमान करना है ।