भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में 75 साल से ज्यादा का सफर तय कर चुकी साजिद नाडियाडवाला की प्रोडक्शन कंपनी, नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट (NGE) ने हाल ही में एक गंभीर मामले को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है । कंपनी ने कहा कि उन्हें ऐसे सबूत मिले हैं जिनमें कॉल रिकॉर्डिंग भी शामिल है जो यह दर्शाते हैं कि कुछ लोग पैसों की मांग कर रहे थे और धमकी दे रहे थे कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे फिल्मों, निर्देशकों और लीड एक्टर्स की साख को नुकसान पहुंचाएंगे ।

नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट ने जारी किया बयान
NGE ने साफ किया है कि इस तरह की गतिविधियों की जांच जरूरी है और इसलिए मामले को संबंधित जांच एजेंसियों के पास सौंप दिया गया है। कंपनी ने कहा कि वह संविधान में दिए गए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रबल समर्थक हैं और कभी भी किसी निष्पक्ष समीक्षा या आलोचना का विरोध नहीं किया है। उनका मानना है कि सकारात्मक आलोचना फिल्म निर्माताओं को आगे बढ़ने में मदद करती है और इंडस्ट्री के स्वस्थ विकास के लिए जरूरी है।
NGE ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी यह कार्रवाई केवल उन लोगों के खिलाफ है जो जबरन वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसे कृत्यों में शामिल हैं। इसका किसी भी ईमानदार फिल्म समीक्षक, स्वतंत्र पत्रकार या यूट्यूबर से कोई संबंध नहीं है।
कंपनी की ओर से यह बयान उनके लीगल एडवाइजर एडवोकेट रवि सूर्यवंशी (मैनेजिंग पार्टनर, बार एंड ब्रीफ अटॉर्नीज) ने जारी किया।
















