कोरोना वायरस के कारण बॉलीवुड की रफ़्तार थम सी गई है । लॉकडाउन के कारण जहां एक तरफ़ फ़िल्म की शूटिंग रुकी हुई हैं वहीं सिनेमाघर बंद होने के चलते नई फ़िल्मों की रिलीज पर भी रोक लग गई है । मौजूदा हालातों को देखते हुए अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता कि कब स्थिती सामान्य होगी और रिलीज के लिए तरस रहीं फ़िल्में कब रिलीज हो पाएंगी । ऐसे में थिएटर में फ़िल्में रिलीज न हो पाने के कारण फ़िल्ममेकर्स के पास अपनी फ़िल्म रिलीज करने का एक तरीका नजर आ रहा है और वो है डिजीटल यानी OTT प्लेटफ़ॉर्म । डिजीटल प्लेटफ़ॉर्म पर रिलीज होने वाली फ़िल्म में सबसे पहले नाम सामने आ रहा है अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना की फिल्म गुलाबो सिताबो का । इस फ़िल्म में अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना पहली बार एक साथ नजर आने वाले हैं ।

अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना की गुलाबो सिताबो अब OTT प्लेटफ़ॉर्म पर हो सकती है रिलीज, 3 मई के बाद होगा फ़ैसला

अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना की फिल्म गुलाबो सिताबो 17 अप्रैल को रिलीज होनी थी

शुजीत सरकार के निर्देशन में बनी गुलाबो सिताबो 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी लेकिन लॉकडाउन की वजह से पूरा शेड्यूल बिगड़ गया है । ऐसे में फ़िल्म के निर्देशक ने हाल ही में एक अखबार को दिए इंटरव्यू में हिंट दी कि वह गुलाबो सिताबो OTT प्लेटफ़ॉर्म पर रिलीज करने का मन बना रहे हैं । उन्होंने कहा कि वो भी चाहते हैं कि उनकी फ़िल्म पहले सिनेमाघरों में रिलीज हो लेकिन मौजूदा हालातों को देखते हुए अभी कुछ नहीं कहा जा सकता । इसलिए यदि जरूरत पड़ी तो वो गुलाबो सिताबो के डिजिटल रिलीज के लिए पूरी तरह से तैयार हैं । हालांकि उन्होंने ये भी साफ़ किया कि इस पर आखिरी फ़ैसला 3 मई के बाद ही लिया जाएगा ।

यह भी पढ़ें : Gulabo Sitabo first look: सफ़ेद दाढ़ी और प्रोस्थेटिक नाक के साथ अमिताभ बच्चन का लुक हैरान कर रहा है

गुलाबो सिताबो की बात करें तो इसमें पहली बार अमिताभ और आयुष्मान एक साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आएंगे । फ़िल्म के फर्स्ट लुक ने लोगों को काफी इंप्रेस किया था ।