बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान, जो पिछले दो सालों से न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से पीड़‍ित हैं, हाल ही में अस्पताल में भर्ती हुए । सूत्रों के मुताबिक इरफान खान को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है । इरफान खान के एक दोस्त ने बताया कि, “फ़िलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी । मैंने खुद अभी उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनी । मुझे भी अभी डिटेल के बारें में नहीं पता कि आखिर हुआ क्या ।”

लॉकडाउन के बीच हॉस्पिटल में एडमिट हुए इरफान खान, अब हालत स्थिर है

इरफान खान की हालत बेहतर है

असल में इरफ़ान अपने दोस्तों के साथ अपनी हेल्थ डिसकस नहीं कर रहे हैं । “फ़िल्म इंडस्ट्री में उनका कोई भी करीबी दोस्त नहीं है । हम में से कोई भी उनके करीब नहीं है, जैसा कि उनकी हेल्थ के बारें में पता हो या उनके फ़ैमिली फ़ंक्शन में शामिल होते हो । इरफान के करीबी दोस्त उनके अभिनेता बनने से पहले के ही हैं ।” फ़िल्म जगत से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया ।

अभी कुछ दिन पहले ही इरफ़ान की मां सईदा बेगम का भी निधन हो गया था । अस्‍पताल में भर्ती होने और लॉकडाउन की वजह से इरफान, मां की अंतिम यात्रा में शरीक नहीं हो पाए । उन्‍होंने वीडियो कॉल के जरिए ही मां के सुपुर्द-ए-खाक में श‍िरकत की । अपनी मां को खोने का सदमा उनके बिगड़े स्वास्थ्य का एक अहम कारण हो सकता है ।

लंबे समय से बीमार इरफ़ान की नॉर्मल जांच घर पर मुनासिब नहीं थी

बताया जा रहा है कि इरफ़ान ने सभी से दूरी बना ली है । उन्होंने अपनी पत्नी सुतापा को भी उनके हेल्थ के बारें में मीडिया या शुभचिंतकों से कुछ भी शेयर करने से मना किया गया है । लेकिन खबरों की मानें तो, कोरोना की वजह से उनके नॉर्मल चेकअप में दिक्कत आ रही थी, इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है । इरफान लंबे समय से बीमार चल रहे हैं ऐसे में घर पर जांच करने में परेशानी हो रही थी । कहा जा रहा है कि इरफान की हालत अब स्‍थ‍िर है और घबराने की कोई बात नहीं है ।

बता दें कि अपनी बीमारी का पता चलने के बाद इरफ़ान ने ट्वीट कर कहा था कि, “जिंदगी में अचानक कुछ ऐसा हो जाता है, जो आपको आगे लेकर जाता है । मेरी जिंदगी के पिछले कुछ दिन ऐसे ही रहे हैं । मुझे न्यूरो इंडोक्राइन ट्यूमर नामक बीमारी हुई है । लेकिन, मेरे आसपास मौजूद लोगों के प्यार और ताकत ने मुझमें उम्मीद जगाई है ।”

यह भी पढ़ें : अंग्रेजी मीडियम के बाद इरफान खान फ़िलहाल साइन नहीं करेंगे कोई फ़िल्म, हेल्थ बनी वजह

हम यही कामना करते हैं कि इस फ़िल्म इंडस्ट्री के बेहतरीन अभिनेता और शानदार शख्सियत इरफ़ान जल्द से जल्द ठीक हो जाएं ।